दूधेश्वरनाथ मंदिर में शिवरात्रि की तैयारियां पूरी, कल शाम से शुरू होगा जलाभिषेक

गाजियाबाद। श्री दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर में शिवरात्रि पर्व की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शिवरात्रि पर्व मंगलवार को है। ऐसे में मंगलवार की शाम से बुधवार की शाम तक जलाभिषक किया जाएगा। जलाभिषेक के लिए मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में कांवड़ियों के पहुंचने की संभावना है। इसे ध्यान में रखकर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भारी संख्या में पुलिस फोर्स के अलावा नागरिक सुरक्षा संगठन के वॉलंटियर, मंदिर समिति के कार्यकर्ताओं के अलावा सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मंदिर में सुरक्षा प्रबंधों का निरंतर जायजा ले रहे हैं।

शिवरात्रि पर्व मंगलवार को है। शिवरात्रि पर श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में कांवड़ियों के पहुंचने की उम्मीद है। इस मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था है। कोरोना संक्रमण की वजह से दो साल तक कांवड़ यात्रा स्थगित रही थी। इस बार कांवड़ यात्रा को अनुमति मिलने पर बढ़ी तादात में श्रद्धालुओं ने हरिद्वार, केदारनाथ व गोमुख का का रूख किया है। वहां से पवित्र गंगाजल के साथ शिवभक्त कांवड़ियां लौट रहे हैं। शिवरात्रि पर्व पर दूधेश्वर नाथ मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर ज्यादा ध्यान दिया गया है।

मंदिर के आस-पास कांवड़ियों के विश्राम एवं खान-पान की व्यवस्था की गई है। महंत नारायण गिरि के नेतृत्व में मंदिर परिसर में सभी जरूरी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। शिवरात्रि पर्व के लिए मंगलवार की शाम से जलाभिषेक की शुरुआत होगी। तदुपरांत बुधवार की शाम तक शुभ पहर में जलाभिषेक किया जा सकेगा। इसके पहले कांवड़ियों द्वारा हाजिरी का जल चढ़ाया जाएगा।