सफाई कर्मचारियों ने किया आउट सोर्सिंग का विरोध, विरोध प्रदर्शन

गाजियाबाद। प्रदेश शासन के आदेश पर नगर निगम के लगभग 3500 सफाई कर्मचारियों को बोर्ड प्रस्ताव में रखे गए कर्माचरियों को आउट सोर्सिंग के जरिए करने की तैयारी को लेकर सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में झाडू लेकर पहुंचे पुरूष एवं महिला सफाई कर्मचारियों ने नारेबाजी एवं प्रदर्शन किया।नगर निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा की अगुआई में अध्यक्ष रामफूल के नेतृत्व में राहुल चौहान, राजीव, रवि गहलौत, राजपाल, देवेंद्र, अशोक, शक्ति, संजय, राजेश, प्रवीण, राजेंद्र, रूपकिशोर आदि सैकड़ों की संख्या में सफाई कर्मचारी नगर निगम मुख्यालय में नारेबाजी करते हुए पहुंंचे। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए अपनी मांग संबंधी ज्ञापन अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव को सौंपा। सफाई कर्मचारियों ने कहा कि सफाई कर्मियों को आउट सोर्सिंग पर किया गया तो शहर में हड़ताल करेंगे।

नगर निगम में बोर्ड बैठक में पारित प्रस्ताव के आधार पर 2700 कर्मचारी नियुक्त किए गए थे।इन्हें फिलहाल 466 रुपए प्रतिदिन की दर से भुगतान किया जा रहा है।राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत नियुक्त 750 कर्मचारियों को 366 रुपए प्रतिदिन मिलते हैं।शासन ने इन दोनों श्रेणी की भर्तियों को अनुचित करार दे जैम पोर्टल से सफाई कर्मचारियों को आउट सोर्सिंग पर करने का आदेश दिया था।

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के क्षेत्रीय महामंत्री प्रदीप चौहान का कहना है कि आउट सोर्सिंग से हर कर्मचारी का वेतन में 3 हजार रुपए मासिक की कटौती होगी। इसलिए इसका विरोध किया जाएगा। सफाई कर्मचारी वाल्मीकि पार्क में एकत्र हुए। वहां से नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सभी सफाई कर्मचारी नगर निगम के मुख्यालय पहुंचे। नगर निगम इन सभी कर्मचारियों को आउट सोर्सिंग के जरिए ठेके पर रखने की कोशिश कर रहा है। इसके लिए एक प्लान नगर निगम के हेल्थ विभाग की ओर से तैयार किया गया है। इस प्रस्ताव को मोर्चा सहीं नहीं मानता है। उनकी मांग है कि नगर निगम इस प्रस्ताव को वापिस ले। मोर्चा ने नगर निगम को चेतावनी दी है कि वह 48 घंटे के अंदर इस पर फैसला ले। नहीं तो नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल शुरू हो जाएगी।