गाजियाबाद। सविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती से 1 दिन पूर्व बुधवार को कौशांबी यशोदा अस्पताल के पास अंबेडकर पार्क में खुद क्षेत्रीय पार्षद मनोज गोयल, पूर्व डिप्टी मेयर राजेंद्र प्रसाद, भाजपा नेता पंचम चौधरी और अवधेश कटिहार, किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष मनोज डागर, समाजसेवी ओमपाल सिंह ने संयुक्त रूप से हाथों में झाड़ू लेकर अंबेडकर पार्क की सफाई एवं मूर्ति की धुलाई की।
पार्षद मनोज गोयल ने बताया कि बाबा साहेब पार्क की सफाई के लिए निगम कर्मचारी लगे हुए है। लेकिन आज बाबा साहेब पार्क आसपास व मूर्ति की सफाई करना सौभाग्य की बात है। बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलकर ही समतामूलक समाज का निर्माण हो सकता है। बाबा साहब ने संविधान में समानता का अधिकार और छूआछूत का अंत करने का प्रावधान कर समाज से गैरबराबरी दूर करने का प्रयास किया।
उनके प्रयासों और दूरदर्शिता का ही परिणाम है कि समाज में हाशिये पर रहे लोग मुख्य धारा में पहुंच रहे हैं। बाबा साहब ने ही शिक्षित बनो, संगठित बनो और संघर्ष करो का नारा दिया था। उन्होंने बताया आज यानि गुरूवार को पार्क में बाबा साहेब की जंयती धूमधाम से मनाई जाएंगी।
















