भूमि विवाद : पुजारी पर प्राणघातक हमला, हालत गंभीर

राजस्थान के बाद उत्तर प्रदेश में वारदात, रिपोर्ट दर्ज

उदय भूमि ब्यूरो
लखनऊ। अब उत्तर प्रदेश में भूमि विवाद में पुजारी पर प्राणघातक हमला कर दिया गया है। पीडि़त को गंभीर हालत में जनपद गोंडा से लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस ने आनन-फानन में कुछ अज्ञात हमलावरों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। गोंडा जनपद में रविवार की देर रात यह वारदात प्रकाश में आई है। पुलिस के मुताबिक राम जानकी मंदिर मनोरमा में महंत सीताराम दास पुजारी हैं। जानलेवा हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुजारी को लहूलुहान हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां पर गंभीर हालत को देखकर उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पुराने भूमि विवाद में पुजारी पर हमला होने की जानकारी मिली है। अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हमलावरों की सरगर्मी से तलाश हो रही है। पिछले साल भी महंत सीताराम दास पर जानलेवा हमला किया गया था। पुलिस का कहना है कि इस प्रकरण में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वारदात के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। बता दें कि इसके पहले राजस्थान में भूमि विवाद में कुछ असरदार व्यक्तियों ने पुजारी को जिंदा जलाकर मार डाला था। आरोप है कि दबंगों ने भूमि पर अवैध कब्जे का विरोध करने पर पुजारी पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी थी। इस घटना पर बवाल होने के बाद राजस्थान सरकार ने संबंधित थानाध्यक्ष और पटवारी को सस्पेंड कर दिया था। पीडि़त परिवार को 10 लाख रुपए की आर्थिक मदद, परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी और प्रधानमंत्री आवास योजना में पक्का मकान देने का आश्वासन दिया गया है। मालूम हो कि लॉक डाउन के दरम्यान महाराष्ट्र के पालघर क्षेत्र में हिंसक भीड़ ने कार चालक और 2 साधुओं की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।