शहर की व्यवस्थाओं का नगर आयुक्त ने लिया जायजा

-जनप्रतिनिधियों तथा क्षेत्रवासियों से की निगम के कार्यों की चर्चा

गाजियाबाद। शहर की सफाई व्यवस्था, जलकल एवं प्रकाश की व्यवस्थाओं का नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ ने अधिकारियों के साथ कई क्षेत्रों का जायजा लिया। साथ ही स्थानीय नागरिकों से क्षेत्र की कार्य स्थिति जानी और डोर टू डोर कूड़ा वाहन के बारे में जानकारी ली।
सोमवार को नगर आयुक्त ने मोहन नगर जोन के मुख्य मार्गों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। जिसमें मुख्य रुप से लाजपत नगर होते हुए भोपुरा तक जाने वाली मुख्य मार्ग की प्रकाश व्यवस्था तथा सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इसी क्रम में वार्ड संख्या 10 डीएलएफ तथा पप्पू कॉलोनी के निवर्तमान पार्षद यशपाल पहलवान तथा अन्य नागरिकों से क्षेत्र की समस्याओं के बारे में चर्चा की। जिस पर स्थानीय निवासियों द्वारा पानी की समस्या के बारे में अवगत कराया गया। नगर आयुक्त ने तत्काल समस्या का संज्ञान लेते हुए पानी के टैंकर की व्यवस्था कराई। साथ ही संबंधित अधिकारी को बंद पड़ी मोटर को तत्काल ठीक कराने के लिए आदेश दिए। वार्ड संख्या 36 अर्थला मे पहुंच कर वहां की समस्याओं का भी जायजा लिया।

समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया, निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एनके चौधरी भी मौके पर उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने बताया कि निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों से सफाई व्यवस्था एवं पेयजल व्यवस्था के बारे में जानकारी ली गई। जिन क्षेत्रों में कमियां पाई गई, तत्काल संबंधित अधिकारी को कार्य को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गये। शहर की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए नगर आयुक्त तथा अन्य वरिष्ठ निगम अधिकारियों द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जायजा लिया जाता है। जिससे शहर की समस्याओं के बारे में जानकारी कर उनका लगातार समाधान कराया जा रहा है। ताकि शहर वासियों को होने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सकें। जिसमें क्षेत्रीय गणमान्य नागरिकों का विशेष योगदान निगम को प्राप्त हो रहा है।