यमुना प्राधिकरण के पूर्व सीईओ आरसीपी सिंह अब मोदी कैबिनेट में

बिहार कोटे से केंद्रीय मंत्री बनाए गए आरसीपी सिंह

ग्रेटर नोएडा। मोदी मंत्रिमंडल में पूर्व नौकरशाह आरसीपी सिंह को भी जगह मिली है। वह यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। यीडा में उनका कार्यकाल काफी बेहतर रहा था। केंद्रीय मंत्रिमंडल का बुधवार को विस्तार किया गया था। मंत्रिमंडल में आरसीपी सिंह को भी शामिल किया गया है। बिहार कोटे से उन्हें मंत्रिमंडल में जगह दी गई है।

राजनीति में आने से पहले वह लंबे समय तक प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। यूपी कैडर के आईएएस रहे आरसीपी सिंह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रमुख सचिव भी रह चुके हैं। वह मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। आईएएस अधिकारी के तौर पर उन्होंने 2005 में यमुना एक्सप्रेस-वे विकास प्राधिकरण (यीडा) में मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) का चार्ज संभाला था। उनका कार्यकाल काफी संतोषजनक रहा।

बिहार में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव रहने के बाद आरसीपी सिंह जनता दल (यू) में शामिल हो गए थे। नीतीश कुमार ने उन्हें राज्यसभा सदस्य भी बनाया था। बिहार कोटे से अब वह केंद्रीय मंत्री की भूमिका में नई जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। आरसीपी सिंह को नीतीश कुमार का करीबी माना जाता है। उधर, आरसीपी सिंह के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद यमुना प्राधिकरण में भी उन्हें लेकर चर्चाएं हो रही हैं।