भाजपा ने मेनका और वरुण गांधी के पर कतरे, पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से पत्ता कटा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। राष्ट्रीय इकाई में दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को एक बार फिर जगह मिली है। सूची में मेनका गांधी और वरूण गांधी का नाम नहीं है। चर्चा है कि मेनका और वरूण से राष्ट्रीय नेतृत्व खुश नहीं है। बता दें कि वरूण गांधी ने लखीमपुरी खीरी कांड पर अफसोस जाहिर कर सीबीआई जांच की मांग की थी। भाजपा अध्यक्ष जयप्रकाश नड्डा ने गुरुवार को 80 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की। नई कार्यकारिणी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, हर्षवर्धन सिंह, रविशंकर प्रसाद और प्रकाश जावड़ेकर को भी शामिल किया गया है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 80 नियमित सदस्यों के अलावा 50 विशेष आमंत्रित और 178 स्थायी आमंत्रित सदस्य भी शामिल किए जाएंगे। खास बात यह है कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सूची में मेनका गांधी और वरूण गांधी का नाम नहीं है। इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गरम हो गया है।

दरअसल वरूण गांधी समय-समय पर ज्वलंत मुद्दों पर अपनी बेवाक राय रखते रहे हैं। उत्तर प्रदेश के लखीमपुरी खीरी कांड में भी वरूण ने सीबीआई जांच की मांग की थी। सनद रहे कि कार्यकारिणी पार्टी का एक मुख्य विचार-विमर्श करने वाला अहम निकाय है। यह निकाय सरकार के सामने आने वाले प्रमुख मुद्दों पर गंभीरता के साथ चर्चा करता है और संगठन के एजेंडे को आकार देता है। कोरोना संक्रमण के कारण काफी समय से इसकी बैठक आयोजित नहीं हो सकी है। उधर, विशेष आमंत्रित और 178 स्थायी आमंत्रित सदस्यों की भी शीघ्र घोषणा होने की उम्मीद है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उत्तर प्रदेश से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा राजनाथ सिंह और मुरली मनोहर जोशी शामिल किए गए हैं।