खेतों में जलाई जा रही है पराली अधिकारी अंजान

ग्राम प्रधानों सहित लेखपालों को किसानों को जागरुक करने के दिए है आदेश

उदय भूमि ब्यूरो
गढ़ुक्तेश्वर।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का स्पष्ट निर्देश है कि पराली एकदम न जलाएं। इसका अनुपालन न करने वालों पर जुर्माने और जेल का भी प्रावधान है, इसके बाद भी गढ़ क्षेत्र के गांवों में इस आदेश की खुलेआम अवहेलना हो रही है। धान की कटाई के बाद खाली खेतों में पराली (फसल अवशेष) जलाया जा रहा है। इसके चलते उठ रहे धुआं के गुबार से हर किसी की सांसों में जहर घुलता दिखाई पड़ रहा है। किसानों की जरा सी नासमझी से कीट मित्र नष्ट हो रहे हैं और मिट्टी को उर्वरा शक्ति भी क्षीण होती जा रही है।
गढ़ कोतवाली क्षेत्र के आस पास के गांवों सहित बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांवों में पराली धड़ल्ले के साथ जलाया जा रहा है। दरअसल, हार्वेस्टर से फसल की कटाई के बाद किसानों द्वारा खेत में खड़े डंठलों और पराली को फूंक दिया जा रहा है लेकिन किसी जिम्मेदार अधिकारी की नजर इस ओर नहीं पड़ रही है। एडीओ कृषि विभाग साबिर मलिक का कहना है कि धान व अन्य फसलों के डंठल व अन्य अवशेष को खेतों में जला देने से पर्यावरण प्रदूषित तो होता ही है, मिट्टी में पाए जाने वाले मित्र कीट (केचुआ) आदि भी आग की जद में आने से नष्ट हो जाते हैं। मृदा में जीवाश्म का क्षरण होता है। मिट्टी की उर्वरा शक्ति कमजोर हो जाती है। जिससे फसल की उत्पादन भी अवरूद्ध हो जाता है। जबकि यही अवशेष जोताई कराकर मिट्टी में मिला देने से उर्वरा शक्ति बढ़ जाती है। इस संबंध में एसडीएम विजय वर्धन तोमर ने जानकारी होने से इंकार करते हुए बताया कि गांवों में किसानों को पराली नहीं जलाने के लिए ग्राम प्रधान और लेखपालों को जिम्मेदारी दी गई है। किसानों को निरंतर जागरुक भी किया जा रहा है। फिर भी कहीं पराली जलाए जाने का मामला सामने आता है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।