किराए को लेकर गाजियाबाद में भाजपा नेता की बीच सड़क पर हुई पिटाई, कपड़े फाड़े मारपीट का वीडियो भी वायरल

गाजियाबाद। साहिबाबाद कोतवाली क्षेत्र के शालीमार गार्डन में रविवार की शाम को दुकान के विवाद में भाजपा नेता रिजवान अहमद को पुलिसकर्मियों के सामने ही आरोपितों ने जमकर पिटाई कर दी। उनके कपड़े फाड़ डाले। मारपीट के इस मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है।
ट्रांस हिंडन पुलिस आयुक्त विवेक चंद यादव ने पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आने पर शालीमार गार्डन चौकी इंचार्ज योगेश कुमार और हेड कांस्टेबल शाहिद खान को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। शालीमार गार्डन में रविवार शाम को दुकान के विवाद में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रिजवान अहमद से हुई मारपीट हुई। इसमें पुलिस की लापरवाही सामने आई है। पुलिस को शालीमार गार्डन के भारत माता चौक पर दो पक्षों में मारपीट की सूचना मिली। सूचना पाकर सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद भास्कर वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकारिणी सदस्य रिजवान अहमद घायल हालत में थे। उनका कुर्ता फटा हुआ था। शरीर पर चोट के निशान थे।

रिजवान अहमद और अब्दुल साबिर के बीच दुकान के स्वामित्व और किराए को लेकर विवाद चल रहा है। यह विवाद वर्ष-2019 से चल रहा है। भाजपा नेता से मारपीट का वीडियो भी वायरल हुआ था। रविवार शाम को रिजवान दुकान के पास से निकल रहे थे। दुकान पर लगा कैमरा तिरछा देखकर वह कार से उतरकर वीडियो बनाने लगे। आरोप है कि दूसरे पक्ष से अब्दुल साबिर समेत करीब एक दर्जन महिला और पुरुष के साथ वहां पहुंचे। इस दौरान मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद घायल रिजवान को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। रिजवान की ओर से साहिबाबाद थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं दूसरे पक्ष का कहना था कि रिजवान ने उनके पक्ष की ओर से आई महिलाओं से पहले बदसलूकी की थी।

भाजपा नेता से मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ। भाजपा नेता रिजवान की शिकायत पर पुलिस ने अब्दुल साबिर, आदिल, अब्दुल कादिर, आकिल, अब्दुल साबिर की पत्नी, अब्दुल कादिर की पत्नी, आदिल की पत्नी और 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट,जानलेवा हमला,बलवा की धारा लगाई गई है। दुकान के स्वामित्व और किराए को लेकर दोनों पक्षों में पुराना विवाद है। साहिबाबाद के सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने बताया कि घायल रिजवान की शिकायत पर अब्दुल साबिर समेत कई अन्य के खिलाफ मारपीट बलवा की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। साबिर, कादिर, आदिल और आकिल को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश के लिए टीम लगी है।