यूपी का डॉन मुंबई में बेचता था सब्जी

– ढाई लाख का इनामी पश्चिमी यूपी में आतंक का पर्याय रहा मिर्ची गैंग का सरगना आशु जाट मुंबई से गिरफ्तार
– मुंबई में वेश बदल कर रहा था डॉन, गिरफ्तारी के समय बेच रहा था फल आौर सब्जी
– आशु जाट पर हत्या, लूटपाट, अपहरण सहित दर्जनों मुकेदमें हैं दर्ज, यूपी पुलिस का था मोस्ट वांटेंड
– नोएडा में गौरव चंदेल की हत्या सहित भाजपा के दो नेताओं की हापुड़ में की थी हत्या

उदय भूमि ब्यूरो
मुंबई/ नई दिल्ली/ गाजियाबाद/ हापुड़। यूपी का ढाई लाख का इनामी डॉन मुंबई में सब्जी बेचता था। शनिवार को मुंबई पुलिस ने ढाई रुपए के इनामी बदमाश एवं मिर्ची गैंग के सरगना आशु जाट को गिरफ्तार किया। जाट पर भाजपा नेताओं की हत्या, लूटपाट, डकैती सहित दर्जनों मुकदमें दर्ज हैं। नोएडा के गौरव चंदेल की हत्या के बाद से यूपी पुलिस सरगर्मी के साथ यूपी के इस टॉप इनामी बदमाश की तलाश कर रही थी। दिल्ली में भी वह वांछित चल रहा है। आशु जाट को हापुड़ लाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। सोमवार को पुलिस टीम मुंबई की अदालत में आशु को लाने के लिए ट्रांजिट रिमांड दाखिल करेंगी। वहां से अनुमति मिलने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच उसे हापुड़ लाया जाएगा। पुलिस आशु जाट गैंग के पूरे नेटवर्क के खात्मे की तैयारी कर रही है। उसकी पत्नी और साथियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आशु जाट को हापुड़ पुलिस द्वारा दिये गये इनपुट के आधार पर मुंबई पुलिस ने मुंबई के विले पार्ले इलाके से गिरफ्तार किया था। जब उसकी गिरफ्तारी हुई वह फल-सब्जी बेच रहा था। पुलिस से बचने के लिए वह वहां रूप बदलकर फल-सब्जी की रेहड़ी लगाता था। मुंबई पुलिस के डीसीपी अकबर पठान ने बताया कि यूपी का गैंगेस्टर आशु फल बेच रहा था। वह मुंबई में करीब 3 से 4 महीने से मुंबई में रह रहा था। वह झुग्गी बस्ती में रहता था और अपनी पूरी जानकारी छुपाकर रखता था।
पश्चिमी यूपी का कुख्यात बदमाश और मिर्ची गैंग का सरगना आशु जाट गाजियाबाद मसूरी के काजीपुर का रहने वाला है। कई आपराधिक मामलों में वांछित आशु पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। हापुड़ में उसके खिलाफ सबसे अधिक मुकदमें दर्ज हैं। हापुड़ के अलावा मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, बागपत, मथुरा और दिल्ली पुलिस पिछले लंबे वक्त से उसकी तलाश कर रही थी। आशु जाट उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में हुए चर्चित गौरव चंदेल हत्याकांड में मुख्य आरोपी है। गौरव चंदेल हत्याकांड ने दिल्ली एनसीआर में काफी सनसनी फैलाई थी और काफी समय तक जन आंदोलन चला था।

दो साल में अपराध की दुनिया में इतना मचाया आतंक कि 25 हजार से ढ़ाई लाख का इनामी हुआ आशु जाट

हापुड़ में सबसे अधिक मुकदमें
मिर्ची गैंग का आतंक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में है। इस गैंग के सदस्यों की संख्या काफी है और अभी भी यह गैंग एक्टिव है। गैंग मेरठ, गाजियाबाद, बागपत, नोएडा सहित पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय है। हापुड़ में यह गैंग सबसे अधिक सक्र्रिय है और वहीं सबसे अधिक वारदातों को अंजाम दिया है। आशु जाट से पहले मिर्ची गैंग का सरगना उसका भाई भोलू जाट था। भोलू की गिरफ्तारी और जेल जाने के बाद आशु ने गैंग की कमान अपने हाथों में ले ली थी। पुलिस के मुताबिक मिर्ची गैंग में करीब 80 सदस्य हैं। यह गैंग लूट-पाट, हत्या, डकैती तथा छिनैती सहित हर तरह के वारदातों को अंजाम देते हैं। मिर्ची गैंग के मुखिया आशु के खिलाफ दर्जनों मुकदमें दर्ज हैं।

पत्नी और साथी जेल में
नोएडा के चर्चित गौरव चंदेल हत्याकांड में आशु जाट की पत्नी पूनम और उसके साथी उमेश को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हापुड़ पुलिस ने 26 जनवरी 2020 को दिल्ली से दोनों को गिरफ्तार किया था। लेकिन उस समय पुलिस आशु जाट को गिरफ्तार नहीं कर पाई थी और वह फरार हो गया था। आशु जाट ने ही 6 जनवरी 2020 की रात गौरव चंदेल की हत्या कर उनकी गाड़ी, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान लूट लिया था। इसके बाद से उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही थी और वह लगातार वेश बदलकर अलग-अलग शहरों में छिप रहा था।

पहले एक लाख फिर ढ़ाई लाख हुआ ईनाम
मिर्ची गैंग के मुखिया आशु जाट पर हापुड़ में दो भाजपा नेताओं की हत्या के बाद एक लाख रुपये का इनाम कर दिया था। जिसने बाद में नोएडा और गाजियाबाद में कई लूट और हत्या की घटना को अंजाम देकर वह लगातार पुलिस को चुनौती दे रहा था। आशु जाट की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उस पर ईनाम की राशि बढ़ाकर ढ़ाई लाख रुपये कर दी गई। यूपी के साथ-साथ दिल्ली का वांटेंड बना आशू जाट की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ, एसओजी तथा यूपी पुलिस की कई टीम काफी समय से लगी हुई थी।

मुठभेड़ के बाद भी बच निकला था जाट
नोएडा, गाजियाबाद और हापुड़ में आतंक का पर्याय बन चुका आशू जाट कई बार पुलिस को चकमा देने में सफल रहा था। पूर्व में पुलिस और आशू के बीच दो बार मुठभेड़ भी हुई थी। लेकिन वह हर बार बच निकला था। शनिवार की शाम को जब आशु जाट के मुंबई में गिरफ्तारी की खबर आई तो पुलिस को भी राहत मिली। पिछले 8 दिनों से हापुड़ पुलिस की टीम आशु की गिरफ्तारी के लिए मुंबई में प्रयास कर रही थी।

बुलंदशहर में पहला, नोएडा में अंतिम मुकदमा 
मिर्ची गैंग चलाने वाले आशु जाट के आपराधिक रिकार्ड की बात करें तो वह बेहद डराने वाला है। पिछले वर्ष में ही एक छोटे बदमशा से यूपी का बड़ा गैंगस्टर बन गया। जाट के खिलाफ एक जनवरी 2014 को बुलंदशहर में पहला मुकदमा दर्ज हुआ था। उसने सबसे ज्यादा आपराध हापुड़ में किए। इसके अलावा कविनगर गाजियाबाद, फेज-3 नोएडा, भोजपुर गाजियाबाद, बुलंदशहर में भी मुकदमें दर्ज हैं। आशु का अभी तक का अंतिम मुकदमा नोएडा में गौरव चंडेल की हत्या का दर्ज हुआ है।

मुंबई एवं हापुड़ पुलिस आमने-सामने
एनसीआर व पश्चिमी उ.प्र. में आंतक का पर्याय बनें ढ़ाई लाख के ईनामी बदमाश आशु जाट की गिरफ्तारी को लेकर हापुड़ व मुम्बई पुलिस आमनें सामनें है। दोनों ही वाह वाही लूटनें के लिए गिरफ्तारी को लेकर अपने ढंग से दावा करने लगी। हापुड़ जनपद के धौलाना निवासी भाजपा नेता चन्द्रप्रकाश व राकेश शर्मा की हत्या को अंजाम देनें वाले कुख्यात मिर्ची गैंग के मुखिया आशु जाट को महीनों तक गिरफ्तार ना कर पानें पर हापुड़ पुलिस की जमकर किरकिरी हुई थी। शनिवार को अचानक महाराष्ट्र पुलिस ने मुम्बई में गिरफ्तारी का दावा कर प्रेस नोट व फोटों जारी कर दिया। इसके बाद हापुड़ पुलिस ने भी वाह वाही लूटनें के लिए आशु का फाईल फोटो व प्रेस नोट जारी कर हापुड़ पुलिस द्वारा आशु को गिरफ्तार करने का दावा किया गया। एसपी संजीव सुमन ने बताया कि आशु ही गिरफ्तारी जनपद की एसओजी टीम ने बड़ी बहादुरी से की है। कई दिनों की कड़ी मेहनत व सर्विलांस की मदद से आशु को गिरफ्तार कर महाराष्ट्र से हापुड़ लेकर आ रही हैं। आशु की गिरफ्तारी हापुड़ पुलिस ने लिए बड़ी उपलब्धि हैं। सूत्रों के मुताबिक हापुड़ एसओजी की टीम के सात सदस्यों सहित 12 लोगों काफी समय से आशु के इनपुट मिलनें के बाद गिरफ्तारी का प्रयास कर रहें थे।