66 घंटे बाद बिजली कर्मचारियों की हड़ताल खत्म

-ऊर्जा मंत्री के साथ हुई वार्ता के बाद काम पर लौटे कर्मचारी

गाजियाबाद। बिजली कर्मचारियों की गुरूवार रात 10 बजे से 72 घंटे की हड़ताल का 66 घंटे बाद रविवार को समापन हो गया। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के साथ लखनऊ में हुई वार्ता के बाद मांग मान लेने के बाद बिजली कर्मचारियों ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी। हड़ताल खत्म होने के बाद बिजली कर्मचारी वापस अपने काम पर लौट गए। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के चलते हालांकि जिला प्रशासन ने अन्य विभागों के कर्मचारियों को बिजलीघरों पर तैनात किया था। लेकिन विद्युत व्यवस्था शनिवार को पूरी तरह से चरमरा गई थी।

गुरूवार की रात से ही शहर से गांव और करीब दो दर्जन से अधिक हाईराइज सोसायटी में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी। वहीं, शनिवार को हुई बारिश ने आग में तेल का काम किया था। एक-एक कर जोन के सभी डिवीजन में ब्रेक डाउन की सूचनाएं खूब आई। ब्रेकडाउन होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रविवार को बिजली कर्मचारियों की शाम करीब साढ़े चार बजे हड़ताल समाप्त हो गई। हड़ताल समाप्त होने के बाद सभी कर्मचारी अपने-अपने काम पर वापस लौट गए।

पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के चीफ इंजीनियर नीरज स्वरूप ने बताया कि लखनऊ में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के साथ वार्ता होने के बाद हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी गई। उन्होंने बताया कि हड़ताल समाप्त होने के बाद बिजली कर्मचारी वापस काम पर लौट गए है। रविवार को शाम साढ़े चार बजे तक बिजली कर्मचारियों ने राजनगर स्थित चीफ इंजीनियर कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया था। प्रदेश व्यापी हड़ताल के चलते रविवार को शाम को बिजली कर्मचारियों ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दिए जाने के बाद सभी कर्मचारी वापस अपने-अपने काम पर लौट गए।