फ्लॉवर शो में अर्बन गार्डनिंग व फूलों की खुशबू ने बिखेरी सतरंगी छटा

-तीन दिवसीय फ्लावर शो एवं चटकारे का नगर आयुक्त ने किया उद्धाटन

गाजियाबाद। नेशनल हाइवे-9 स्थित लैंड क्रॉफ्ट गोल्फ लिंक्स सोसायटी में लैंड क्रॉफ्ट डवलपर्स ने फ्लोरिकल्चर एवं हॉर्टिकल्चर सोसाइटीज के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय फ्लॉवर शो एवं चटकारे में अर्बन गार्डनिंग व देशी-विदेशी फूलों की खुशबू सतरंग छटा बिखेर रही है।
तीन दिवसीय  फ्लॉवर  शो एवं चटकारे का नगर आयुक्त डॉॅ. नितिन गौड़ ने सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन एवं डायरेक्टर ललित जायसवाल आदि के साथ फीता काटकर दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। फ्लॉवर शो की इस बार मुख्य थीम जी-20 पर आधारित है। इसमें फूलों के माध्यम से विभिन्न संदेश दिए गए है। देशी-विदेशी फूलों से शो की महत्ता को बढ़ा दिया। फ्लॉवर शो में हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ जुटी। लोगों ने फ्लॉवर शो के साथ चटकारे का जमकर आनंद लिया। फ्लॉवर शो में सोसायटी के अलावा दूसरे क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। लोगों ने पेड़-पौधों और फूलों के बीच खुशनुमा माहौल का लुत्फ उठाया। लोगों ने जमकर सेल्फी लेते हुए परिवार के साथ फोटो क्लिक कराए।शो में घूमने के साथ अलग-अलग व्यंजन खाने-पीने का भी मजा लिया।

फ्लॉवर शो के आयोजकों की ओर से लोगों को बताया गया कि कौन सा पौधा प्रदूषण में कारगर है। वहीं, स्वच्छ हवा के लिए कौन से पेड़-पौधे लगाए जाने की जानकारी दी। फ्लॉवर शो में इस बार स्वास्थ्य गृह, स्वस्थ लोग और मिलेट्स थीम पर आधारित है। इसमें विभिन्न प्रकार के प्लांट्स, वायु शोधन करने वाले पौधे, स्वदेशी व विदेशी पुष्प फल,रसायन रहित सब्जियों का स्टॉल पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी में आने वाले लोगों को मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए भी जागरूक किया गया। इस मौके पर लैंड क्रॉफ्ट डवलपर्स के डायरेक्टर ललित जायसवाल, राकेश गोयल, हॉर्टिकल्चर एंड फ्लोरिकल्चर सोसाइटीज की अध्यक्ष रमा त्यागी, रश्मि अग्रवाल, डीके शर्मा, दिव्यांशु सिंघल, निर्मेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे। फ्लावर शो की शुरुआत भगवान श्री गणेश की वंदना माधुरी डांस एकेडमी के द्वारा की गई।

विभिन्न प्रजाति के असंख्य पुष्प एवं पौधों की प्रदर्शनी
फ्लावर शो में विभिन्न प्रजाति के असंख्य पुष्प एवं पौधों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य रूप से बोनसाई, कैक्टस, सैकुलेंटस, हाइड्रोपोनिक्स, एक्वापोनिक्स, एरोपोनिक्स आदि पौधों के बारे में जानकारी दी गई। ट्रे गार्डन, हॅगिंग गार्डन, अर्बन गार्डनिंग आदि भी सराहनीय थे। डॉल्फिन, पीकॉक्स, लैंड स्केपिंग आदि को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। पर्यावरण औषधीय एवं ऑक्सीजन उत्सर्जित पौधे आदि की भी प्रदर्शनी लगाई गई। इसके अलावा जी-20 सम्मेलन एवं 75वां अमृत महोत्सव एवं अंर्तराष्ट्रीय मिलेट्स-2023 के बारे में लोगों को जानकारी दी गई। शो में काशी विश्वनाथ मंदिर की झांकी आकर्षण का केंद्र रहीं। चिडिय़ों एवं पक्षियों की चहचाहट भी अलग ही छटा बिखेर रही थी।

सोलो डांस रॉक डांस गु्रप द्वारा एवं राजस्थानी डांस अशोक कुमार भट्ट ने प्रस्तुत किया गया। वहीं, योग डांस का भी आयोजन किया गया। शो में महिलाओं के लिए मीना बाजार भी लगाया गया हैं। फ्लॉवर शो में इस बार फिश प्वाइंट और बर्ड हाउस आकर्षक का केंद्र रहे। फिश प्वाइंट में विभिन्न प्रजाति की चार हजार मछलियां हैं। वहीं, बर्ड हाउस का बघीरा भी बच्चों और बड़ों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। फ्लॉवर शो में लगाए गए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल पर लोगों ने खूब मजा लिया। लोगों ने खूब खरीदारी की। विभिन्न शहरों के फूड स्टॉल में मुख्य रूप से फत्ते की कचौड़ी, आगरा के पराठे, नागपाल के छोले-भठूरे आदि का लोगों ने जमकर आनंद लिया।