गाजियाबाद की शिक्षिका लक्ष्मी त्यागी को मिला अर्थ स्टार सम्मान

हरिद्वार में आयोजित हुए विश्व पृथ्वी दिवस में उत्तर प्रदेश से मिला अर्थ स्टार 2023 सम्मान

गाजियाबाद। ट्री ट्रस्ट ऑफ इंडिया, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवम एकम्स के संयुक्त तत्वाधान में हरिद्वार में विश्व पृथ्वी दिवस समारोह का आयोजन किया गया। ग्रीनमैन विजय पाल बघेल ने बताया कि कार्यक्रम में संपूर्ण देश से 5 महिलाओं को भी अर्थ स्टार 2023 से सम्मानित किया गया। जिसमें उत्तर प्रदेश से गाजियाबाद की लक्ष्मी त्यागी को यह सम्मान दिया गया। उन्होंने बताया कि शिक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के फलस्वरूप उन्हें यह सम्मान दिया गया है।

शिक्षण कार्यों के साथ-साथ उनके द्वारा पर्यावरण संरक्षण संबंधी अनेकों अभियान पूरे मनोयोग के साथ चलाए गए हैं जिनमें मुख्य रूप से वृक्षारोपण व वृक्ष संरक्षण अभियान जल संरक्षण अभियान, प्लास्टिक व पॉलिथीन मुक्त पर्यावरण अभियान आदि हैं। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी त्यागी के द्वारा पर्यावरण सचेतक समिति द्वारा चलाए गए विभिन्न अभियानों में भी इनकी अहम प्रतिभागिता रही है। पांच करोड़ी हरित पदयात्रा में भी इन्होंने जन समुदाय को जोडऩे में भी इन्होंने अहम भूमिका निभाई है।

उत्तर प्रदेश से लक्ष्मी त्यागी के अतिरिक्त दिल्ली से मोहनप्रीत कौर, राजस्थान से भंवरी बिश्नोई, महाराष्ट्र से नीता लांडे तथा उत्तराखंड से पद्मश्री सम्मानित बसंती देवी को भी अर्थ स्टार 23 के सम्मान से नवाजा गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रुप में भारत के ग्रीनमैन विजयपाल बघेल, डॉ सोमदेव शांतांशु वाइस चांसलर गुरुकुल कांगड़ी यूनिवर्सिटी, डॉ महावीर अग्रवाल वाइस चांसलर पतंजलि यूनिवर्सिटी, औद्योगिक संस्थानों के प्रतिष्ठित उद्योगपति एवम प्रतिनिधि एवम बडी संख्या में शिक्षाविद उपस्थित रहे।