PM Modi – दलित ओबीसी के साथ, मंत्रिमंडल का होगा जंबो विस्तार

PM Modi के मंत्रिमंडल से हर्षवर्धन और पोखरियाल की होगी छुट्टी, कोरोना से निपटने में हर्षवर्धन का काम नहीं रहा है संतोषजनक

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। PM Modi कैबिनेट का विस्तार बुधवार की शाम हो जाएगा। कैबिनेट विस्तार पर सभी की नजरें टिकी हैं। Modi मंत्रिमंडल का जंबो विस्तार होने की उम्मीद है। ऐसे में दलित एवं ओबीसी वर्ग को तवज्जो मिलने की संभाना है। केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन और नरेश पोखरियाल निशंक की छुट्टी होने की अटकलें लग रही हैं। देश में कोरोना संक्रमण से निपटने में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर हर्षवर्धन का काम संतोषजनक नहीं रहा है। इस कारण उन्हें पद छोड़ना पड़ सकता है। MODI कैबिनेट के विस्तार में उत्तर प्रदेश का भी ध्यान रखा जाएगा। दरअसल यूपी में अगले साल विधान सभा चुनाव होने हैं। इसके चलते मोदी सरकार देश के इस सबसे बड़े राज्य की अनदेखी नहीं कर सकती है। मोदी मंत्रिमंडल में उप्र से ब्राह्मण, ओबीसी और दलित चेहरे को जगह मिलने की चर्चाएं जोरों पर हैं। भाजपा की सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल का नाम मंत्री पद के लिए तय माना जा रहा है। दूसरे सहयोगी निषाद पार्टी के एकमात्र सांसद प्रवीण निषाद भी मंत्री बनने की दौड़ में हैं। इनके अलावा सांसद रीता बहुगुणा जोशी या सीमा द्विवेदी में से किसी एक को मंत्री पद से नवाजे जाने की चर्चाएं हैं। मोदी मंत्रिमंडल के विस्तार को उप्र में अगले साल प्रस्तावित विधान सभा चुनाव के नजरिए से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दरअसल भाजपा कुछ विशेष जाति-वर्ग के मतदाताओं को सकारात्मक संदेश देना चाहेगी। इस बीच उप्र के एक मंत्री की केंद्रीय कैबिनेट से छुट्टी भी संभव है। उन्हीं की जाति से दूसरे व्यक्ति को मंत्री पद सौंपा जा सकता है। कैबिनेट विस्तार में सबसे मजबूत दावेदारी अनुप्रिया पटेल की बताई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा के शीर्ष नेता समय-समय पर उन्हें मोदी कैबिनेट में सम्मिलित करने का भरोसा दिलाते रहे हैं। उधर, ब्राह्मण वर्ग से मोदी सरकार में उप्र से इस बार किसी महिला को मंत्री बनाए जाने की चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में रीता बहुगुणा जोशी और सीमा द्विवेदी का नाम प्रकाश में आया है। यह दोनों महिलाएं उप्र की राजनीति में अच्छा दखल रखती हैं।