क्रिकेट के जादूगर शेन वॉर्न का निधन, क्रिकेट जगत में शोक की लहर

नई दिल्ली। क्रिकेट जगत के लिए शुक्रवार को बेहद दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज गेंदबाज शेन वॉर्न अब दुनिया में नहीं रहे हैं। हार्ट अटैक आने से वॉर्न का निधन हो गया। आस्ट्रेलिया के गेंदबाज शेन वॉर्न क्रिकेट की दुनिया में जाना-पहचाना नाम थे। लेग स्पिनर वॉर्न ने अपनी करिश्माई गेंदबाजी से पूरी दुनिया में समय-समय पर सुर्खियां बटोरी थीं। 52 साल की आयु में इस दिग्गज गेंदबाज ने दुनिया को अलविदा कह दिया। वॉर्न की आकस्मिक मौत की खबर ने हर किसी को हैरान कर दिया है। शेन वॉर्न फिलहाल थाईलैंड में थे। वहीं उन्हें दिल का दौरा पड़ा था।

इसके बाद उनका निधन हो गया। अपने 19 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में गेंद को अपनी अंगुलियों पर नचाने में माहिर रहे शेन वॉर्न ने हाल ही में इंग्लैंड क्रिकेट टीम का मुख्य कोच बनने की इच्छा जाहिर की थी। उनके दुनिया से अचानक चले जाने से खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने शेन वॉर्न की तस्वीर के साथ ट्वीट कर लिखा कि यकीन नहीं कर सकता। महान स्पिनरों में से एक, स्पिन को कूल बनाने वाले सुपरस्टार शेन वॉर्न नहीं रहे। उनके परिवार, दोस्तों, दुनिया भर में उनके फैंस के प्रति मेरी संवेदनाएं।

13 सितंबर 1969 को जन्में शेन वॉर्न ने 1992 में इंटरनेशनल क्रिकेट में एंट्री की थी। उन्होंने कई साल तक क्रिकेट के सभी फॉर्मेट पर राज किया। बड़े-बड़े बल्लेबाज वॉर्न की गुगली को समझने में फेल हो जाते थे। वॉर्न की गिनती दुनिया के सबसे महान स्पिनर में की जाती है। वॉर्न ने आस्ट्रेलिया के लिए 145 टेस्ट और 194 वनडे खेले थे। टेस्ट में 708 और वनडे में वॉर्न ने 293 विकेट लिए थे। शेन वॉर्न ने 2007 में अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला था।