राकेश मिश्रा को सहजनवां विधान सभा क्षेत्र की जिम्मेदारी, बनाए गए प्रभारी

अगले चुनाव में शानदार प्रदर्शन करेगी भाजपा, बढ़ेगा वोट प्रतिशत

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। भाजपा भी चुनावी तैयारियों को धार देने में जुट गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के क्षेत्र गोरखपुर में भी भाजपा ने पहले के मुकाबले और बड़े अंतर से जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में भाजपा की बिहार प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य राकेश मिश्रा को गोरखपुर सहजनवां विधान सभा क्षेत्र के प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह जिम्मेदारी मिलने के बाद राकेश मिश्रा भी मैदान में उतर चुके हैं। उनका कहना है कि पिछले चुनाव में इस विधान सभा क्षेत्र में भाजपा को 55 प्रतिशत वोट मिले थे।

अगले चुनाव में निश्चित रूप से वोट प्रतिशत में और उछाल आएगा। सीएम योगी आदित्यनाथ के काम से गोरखपुर की जनता भी संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर की जनता बाबा से अटूट प्रेम करती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने अब तक कार्यकाल में वह सब कर दिखाया है, जो पूर्ववर्ती सरकारों ने कभी सोचा तक नहीं था। उन्होंने कहा कि आगामी विधान सभा चुनाव में गोरखपुर में भाजपा को बड़े अंतर से जीत दिलाने के लिए आम कार्यकर्ता से लेकर पदाधिकारी तक सभी सक्रिय हो चुके हैं। सपा-बसपा की हालत कमजोर है।

आगामी चुनाव में यह दल कोई करिश्मा नहीं दिखा पाएंगे। उधर, नई जिम्मेदारी मिलने के बाद राकेश मिश्रा ने गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में प्रवासी कार्यकर्ता कार्यशाला में भाग लिया। कार्यशाला में आगामी विधान सभा चुनाव की तैयारियों पर मंत्रणा की गई। इस अवसर पर दरभंगा सांसद गोपाल ठाकुर, दरभंगा के पूर्व जिलाध्यक्ष अर्जुन सैनी, खजूरी विधायक हरिशंकर प्रसाद आदि मौजूद रहे। वहीं, सहजनवां विधान सभा क्षेत्र में चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए राकेश मिश्रा ने ठोस रणनीति तैयार की है।

इस रणनीति के तहत धरातल पर काम किया जाएगा। उधर, गोरखपुर क्षेत्र में भाजपा का किला मजबूत करने को अलग-अलग रणनीति पर काम हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पुराने एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं से निरंतर संपर्क साधकर उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश दे रहे हैं। गोरखपुर क्षेत्र योगी आदित्यनाथ का सबसे मजबूत गढ़ है। जहां लंबे समय से वह अपने दम पर भाजपा को मजबूत बनाकर रखने में कामयाब हैं।