-नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों का किया औचक निरीक्षण
-एमआरएफ सेंटर तथा लेगेसी वेस्ट निस्तारण के दिए निर्देश
गाजियाबाद। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यो का बुधवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केवल शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया बल्कि एमआरएफ सेंटर तथा प्रताप विहार में लेगसी वेस्ट निस्तारण का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा प्रताप विहार के लेगसी वेस्ट निस्तारण का औचक निरीक्षण किया गया। जहां पर फर्म द्वारा कार्य कराया जा रहा था, लेकिन समय अधिक लगने के उपरांत नगर आयुक्त द्वारा संबंधित फर्म को 31 मार्च 2022 तक कार्य पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए निर्देश दिए। साथ ही प्रति सप्ताह स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए भी निर्देश दिए।
नगर निगम स्वास्थ्य विभाग द्वारा कचरे के पृथक्करण तथा कचरा प्रोसेसिंग करने के लिए एमआरएफ सेंटर पर वृहद स्तर पर कार्य किया जा रहा है। जिसका नगर आयुक्त द्वारा औचक निरीक्षण सेंटर पर उपस्थित होकर किया गया। साथ में स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश उपस्थित रहे।
कविनगर जोन पी ब्लॉक, कविनगर एम ब्लॉक, कविनगर तथा हरगांव के एमआरएफ सेंटरों का निरीक्षण किया गया। उपकरणों द्वारा कार्य क्रियाशील स्थिति में पाया गया। नगर आयुक्त द्वारा कविनगर जोन के सफाई निरीक्षक नरेंद्र को कार्य और बेहतर करने के लिए निर्देशित किया गया। नगर आयुक्त महोदय द्वारा निरीक्षण के दौरान कोविड-19 संक्रमण के बचाव के लिए संबंधित सफाई नायकों तथा स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी सैनिटाइजेशन व्यवस्था सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए उत्साहित किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग टीम के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।















