गाजियाबाद। नगर निगम के वार्ड नंबर-36 वसुंधरा में आधार कार्ड कार्य संबंधी विशेष शिविर लगाया गया है। शिविर के 7वें दिन 780 नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान आधार कार्ड बनवाने के लिए पंजीकरण एवं कार्ड में संशोधन जैसे कार्य कराए गए। क्षेत्रीय पार्षद अरविंद चौधरी चिंटू के सहयोग से यह शिविर लगाया गया है। पार्षद अरविंद चौधरी ने बताया कि पिछले 7 दिन से यह शिविर लग रहा है।

शिविर में वसुंधरा, वैशाली, प्रहलादगढ़ी के नागरिक पहुंच रहे हैं। शिविर के 7वें दिन 780 लोगों ने लाभ उठाया, जिसमें अधिकांश बच्चों के नए पंजीकरण किए गए और लोगों ने अपने आधार कार्ड में संशोधन एवं सुधार कराया। यह शिविर 29 मई तक लगाया जाएगा। पार्षद ने नागरिकों से अपील की है कि जिनका भी आधार कार्ड में सुधार होना है, वह इस शिविर में आकर काम करा सकते हैं। इसके अलावा आधार कार्ड बनवाने को पंजीयन की भी सुविधा है। इस मौके पर डॉ. प्रवीण, शैलेंद्र वर्मा, सोनू कुमार, सचिन राघव और राहुल गुप्ता सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
















