सिटी पार्क के पास 20 बीघा में फैली अवैध कॉलोनी ध्वस्त, जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स बोले – दोबारा निर्माण हुआ तो होगी एफआईआर

-जीडीए ने बुलडोजर चलाकर तोड़ी सड़क, बाउंड्रीवाल भी गिराई
-अवैध कॉलोनी बनाने वालों ने किया विरोध, पुलिस बल ने किया नियंत्रित

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिटी पार्क के पास 20 बीघा में फैली अवैध कॉलोनी को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इस दौरान जीडीए की टीम ने सड़क को खोदकर नष्ट कर दिया और भूखंडों की बाउंड्रीवाल को तोड़ दिया। गौरतलब है कि इस इलाके में कुछ दिनों पहले भी जीडीए ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की थी, लेकिन इसके बावजूद कॉलोनाइजर ने फिर से अवैध निर्माण शुरू कर दिया था। अब दोबारा हुई इस कार्रवाई में मौके पर पहुंचे कॉलोनाइजर और निर्माणकर्ताओं ने जमकर विरोध किया, लेकिन पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित कर अवैध कॉलोनी को नष्ट कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने स्पष्ट कहा कि गाजियाबाद में किसी भी अनाधिकृत कॉलोनी या अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। सिटी पार्क के पास काटी जा रही इस अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया गया है। अगर दोबारा निर्माण शुरू किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

जीडीए ने बुलडोजर चलाकर तोड़ी सड़क और बाउंड्रीवाल
सोमवार को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने यह कार्रवाई की। अधिशासी अभियंता योगेश पटेल के नेतृत्व में सहायक अभियंता अनिल शर्मा, अवर अभियंता आशीष कुमार, अवर अभियंता कमलदीप कुमार और जीडीए पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध कॉलोनी को पूरी तरह ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई में सूर्या गार्डन के सामने, वीरेंद्र गुर्जर उर्फ लल्लू द्वारा बनाई जा रही कॉलोनी को तोड़ा गया। यहां बुलडोजर चलाकर सड़क की खुदाई की गई, भूखंडों की बाउंड्रीवाल को गिराया गया और निर्माणाधीन हिस्सों को पूरी तरह से नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा, प्रमोद शर्मा पुत्र दयाराम शर्मा द्वारा खसरा संख्या-1514 व 1519 पर इंदिरा एन्क्लेव और सिटी पार्क के बीच एनडीआरएफ रोड, रईसपुर में लगभग 9 बीघा में काटी जा रही अवैध कॉलोनी को भी तोड़ दिया गया।

विरोध के बावजूद जारी रही कार्रवाई, पुलिस ने संभाला मोर्चा
जब जीडीए की टीम ने बुलडोजर चलाया तो मौके पर मौजूद कॉलोनाइजर और निर्माणकर्ताओं ने जमकर विरोध किया। लेकिन पुलिस बल की तैनाती के कारण स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को पूरा किया गया। गाजियाबाद में रईसपुर-सदरपुर मार्ग और अन्य क्षेत्रों में तेजी से अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं। जीडीए की टीम द्वारा पहले भी इन क्षेत्रों में कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन बार-बार अवैध निर्माण शुरू कर दिया जाता है।अब जीडीए प्रशासन ने इस तरह के अवैध निर्माणों पर पूरी तरह रोक लगाने और दोबारा निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।

जीडीए की सख्ती: गाजियाबाद में अवैध कॉलोनी काटने वालों की खैर नहीं!
• सिटी पार्क के पास 20 बीघा की अवैध कॉलोनी ध्वस्त
• सड़क को खोदकर नष्ट किया, बाउंड्रीवाल गिराई
• रईसपुर में 9 बीघा में अवैध निर्माण ध्वस्त
• विरोध के बावजूद कार्रवाई जारी, पुलिस बल तैनात