बर्थडे पार्टी में डीजे बंद करने के विवाद में चला खूनी खेल, महिला के दोस्तों ने जिला बदर बदमाश पर बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां मौत

गाजियाबाद। मोदीनगर थाना क्षेत्र की इंदिरापुरी कॉलोनी में देर रात जन्मदिन पार्टी में गए जिला बदर बदमाश की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। बचाव में आए उसके साथी को भी घायल कर दिया। गंभीर हालत में युवक को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और महिला समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि रात में जन्मदिन की पार्टी में तेज आवाज में डीजे बज रहा था। जिसे बंद करने को लेकर महिला से विवाद शुरु हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से पत्थरबाजी शुरु हो गई। महिला ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस पहले बर्थ-डे बॉय को उठाकर थाने ले आई। जब इसका पता उसके दोस्तों को चला तो महिला से उसे छुड़ाने की बात कहीं। महिला ने उनके दोस्त को पुलिस से छुड़ाने के लिए पहले मिलने के लिए कहा। जब उसके दोस्त महिला के पास पहुंचे तो फिर उनके ऊपर पत्थरबाजी शुरु हो गई। इस बीच अंधेरे में छिपे बैठे कुछ लोगों ने युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

मोदीनगर की इंदिरापुरी कॉलोनी निवासी दीपक पासी (32) अपनी पत्नी प्रीति व एक पुत्र के साथ रहता था। अपने घर पर ही चिकन शॉप का संचालन करता था। रविवार रात को कॉलोनी निवासी उसके दोस्त दीपू का जन्मदिन था। दीपक को उसने अपने घर पर जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए बुलाया था। जन्मदिन पार्टी में दीपक अपने कुछ दोस्तों के साथ दीपू के घर पहुंचा। रात में सभी नशे में धुत होकर पार्टी कर रहे थे। रात 12 बजे केट काटा गया। करीब एक तक डीजे पर सभी डांस कर रहे थे। तभी पड़ोस में रहने वाली महिला मोनिका ने डीजे को बंद करने के लिए कहा। मगर उन्होंने डीजे बंद नही किया। इस बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। जिसके कुछ देर बाद मोनिका के साथ कुछ ओर लोग भी मौके पर पहुंच गए और हाथापाई शुरु हो गई। करीब आधे घंटे तक दोनों तरफ से पत्थरबाजी हुई।

इस बीच मोनिका ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस को देख सभी मौके से फरार हो गए। लेकिन पुलिस ने मौके से बर्थडे ब्वॉय दीपू को पकड़ कर थाने ले आई। जब इस बात का पता दीपक पासी को चला तो उसने मोनिका फोन कर दीपू को छुड़ाने के लिए कहा। बताया जा रहा है कि दीपक पासी को मोनिका ने घर के पास आने के लिए कहा। जब दीपक अपने दोस्त के साथ उसके घर पहुंचा तो उस पर पत्थर बरसाने शुरु कर दिए। तभी कुछ लोग बाहर आए और दीपक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दीपक के पांच गोली लगी, जहां उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अंधेरे में अंधाधुंध दस राउंड फायरिंग की गई।

एसपी देहात डॉ ईरज राजा ने बताया मृतक के भाई राजू पासी ने मोनिका समेत अन्य के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मृतक को दोस्त लक्ष्य भी घायल हुआ है, उससे भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मामले में जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा। महिला समेत चार लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतक दीपक आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। जिस पर अलग अलग मामलों में 8 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गुंडा एक्ट में भी कार्रवाई की गई थी। फिलहाल लोगों से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहा हैं।

सूत्रों के अनुसार आरोपी महिला भी अपराधी किस्म की है। पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला है कि वह गांजा तस्करी का भी धंधा करती है। जिसकी पुलिस को पूरी जानकारी थी। उसके घर पुलिस वालों का भी आना जाना रहता है। अगर कोई आवाज उठाता तो उसके खिलाफ पुलिस से शिकायत पर कार्रवाई करा देती है।
मृतक व महिला दोनों ही पहले से अपराधिक मामलों में लिप्त है। कहीं रंजिशन तो नही महिला ने दीपक की हत्या कराई हो। क्योंकि हमलावरों ने महिला के घर से निकल कर ही दीपक पर गोलियां चलाई थी।