भाजपा के 10 प्रत्याशियों ने नामांकन किया

उप्र विधान परिषद चुनाव की सरगर्मी तेज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 12 सीटों पर चुनाव के लिए सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन करने का आज अंतिम दिन है। इसके मद्देनजर भाजपा के 10 उम्मीदवारों ने सोमवार को विधान भवन में नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे। उप्र विधान परिषद कीद 12 सीटों पर 28 जनवरी को चुनाव है। 12 में से 10 सीटों पर भाजपा की जीत तय मानी जा रही है। 2 सीट सपा के खाते में जा सकती हैं। भाजपा ने विधान परिषद चुनाव में 10 उम्मीदवार उतारे हैं। सभी उम्मीदवारों ने सोमवार को नामांकन कर दिया। विधान भवन लखनऊ में सबसे पहले उप-मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने नामांकन किया। तदुपरांत उप्र भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, लक्ष्मण आचार्य, कुंवर मानवेंद्र सिंह, गोविंद नारायण शुक्ला, अश्विनी त्यागी, सलिल विश्नोई, सुरेंद्र चौधरी, धर्मवीर प्रजापति व अरविंद कुमार शर्मा ने नामांकन किया। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी शर्मा ने हाल ही में भाजपा ज्वाइन की है। उन्हें प्रधानमंत्री मोदी का करीबी माना जाता है। विधान परिषद चुनाव के लिए 28 जनवरी को वोट डाले जाएंगे। बसपा और कांग्रेस के अलावा किसी निर्दलीय के नामांकन न दाखिल करने की स्थिति में नाम वापसी के दिन यानी 21 जनवरी को भाजपा के 10 तथा सपा के 2 प्रत्याशी अहमद हसन तथा राजेंद्र चौधरी को निर्वाचन का प्रमाण पत्र भी मिल जाएगा। उधर, विधान परिषद की 10 सीटें मिलने के बाद विधान परिषद में भाजपा की स्थिति और ज्यादा मजबूत हो जाएगी। उधर, सपा के एमएलसी उम्मीदवार राजेंद्र चौधरी का गाजियाबाद से नाता है। वह लंबे समय से सपा में हैं। अखिलेश सरकार के दौरान उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा भी मिला था। वह सपा के प्रवक्ता भी रह चुके हैं। राजेंद्र चौधरी के प्रत्याशी बनने से गाजियाबाद में भी सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है।