राम मंदिर के लिए 48 घंटे में मिले 100 करोड़

देशभर में जनसंपर्क और योगदान अभियान जारी

नई दिल्ली। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण शुरू हो चुका है। इसके लिए देशभर में निधि समर्पण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत कोई भी नागरिक स्वेच्छा से मंदिर निर्माण के लिए आर्थिक मदद कर सकता है। मंदिर निर्माण के लिए 2 दिन के भीतर सौ करोड़ रुपए का दान मिल चुका है। दान देने के लिए नागरिक काफी उत्सुक नजर आ रहे हैं। अगले 3 साल में अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो जाएगा। श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का कहना है कि कार्यकर्ताओं के जरिए जानकारी मिली है कि 2 दिन में सौ करोड़ का दान मिल चुका है। हालांकि यह जानकारी अभी मुख्यालय तक नहीं पहुंची है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट अयोध्या में भव्य मंदिर के निर्माण हेतु जनसंपर्क और योगदान अभियान चला रहा है। यह अभियान 27 फरवरी तक चलेगा। राम मंदिर के निर्माण के लिए दान राशि एकत्रित करने के अभियान की शुरुआत की गई है। सबसे पहले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मंदिर निर्माण के लिए 5 लाख रुपए से ज्यादा दान दिया। इसके अलावा उप-राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू के परिवार ने भी मंदिर निर्माण के लिए 5 लाख रुपए से ज्यादा की राशि दान दी। पहले दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने दिल्ली में वाल्मीकि मंदिर में पूजा की थी। सबसे बड़ा योगदान रायबरेली जिले के बैसवाड़ा के तेजगांव के पूर्व विधायक सुरेंद्र बहादुर सिंह का रहा। उन्होंने विहिप के उपाध्यक्ष एवं श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव चंपत राय को 1,11,11,111 रुपए का चेक दिया। विहिप राम मंदिर निर्माण आंदोलन में सबसे आगे रही है। बता दें कि देशभर में जनसंपर्क एवं योगदान अभियान चल रहा है। इसके अच्छे नतीजे आने से श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के प्रतिनिधि गदगद नजर आ रहे हैं।