गाजियाबाद में 25,83546 मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

-नगर निगम व लोनी पालिका में 10,856 ईवीएम एवं 7 निकायों में बैलेट से होगा मतदान
-डीएम ने कहा चुनाव पूरी तैयारियां,बनाए 606 मतदान केंद्र, 2371 मतदान स्थल

गाजियाबाद। नगर निकाय चुनाव-2023 की अब उल्टी गिनती होना शुरू हो गई है। जिले में आगामी 11 मई को दूसरे चरण में मतदान होगा। नगर निगम व चार नगर पालिका परिषद और चार नगर पंचायतों में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन-पुलिस की ओर से पुख्ता तैयारियां की जा रही हैं। नगर निगम महापौर व 100 वार्डों के पार्षदों का मतदान जहां इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन से होगा। वहीं, पहली बार लोनी नगर पालिका परिषद का भी ईवीएम मशीन से ही मतदान होगा। नगर निगम व लोनी नगर पालिका परिषद के लिए 10,856 ईवीएम मशीन से मतदान होगा। इनमें नगर निगम के लिए 2328 ईवीएम व लोनी नगर पालिका परिषद क्षेत्र में 1108 ईवीएम लगाई जाएगी। इसके अलावा तीन नगर पालिका परिषद मोदीनगर, मुरादनगर, खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत डासना, फरीदनगर, पतला, निवाड़ी में बैलेट पेपर से मतदान होगा। नगर निगम और लोनी नगर पालिका परिषद के लिए जिला प्रशासन के पास 19,160 ईवीएम उपलब्ध है, जबकि मतदान के लिए 10,856 ईवीएम की आवश्यकता होगी। 8304 ईवीएम अतिरिक्त हैं।

वहीं, निकाय चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के भाग्य का जिले के 25,83,546 पुरूष व महिला मतदाता फैसला करेंगे। करीब 3300 मतदाता जिले में बढ़ गए है। आगामी 9 मई की शाम पांच बजे प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा।नगर निगम और लोनी नगर पालिका परिषद में ईवीएम से मतदान होगा। ईवीएम के लिए कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। लोनी में पहली बार ईवीएम से मतदान होगा। यह प्रदेश की पहली नगर पालिका परिषद है।जहां ईवीएम से वोट डाले जाएंगे। अभी तक बैलेट पेपर से वोट डाले जाते थे। नगर निगम के 100 वार्ड हैं। मतदान के लिए 331 मतदान केंद्र और 1264 बूथ बनाए गए हैं। लोनी नगर पालिका में 55 वार्ड हैं। यहां 135 मतदान केंद्र और 554 बूथों पर वोट डाले जाएंगे। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि जिले में नगर निगम एवं चार नगर पालिका परिषद और चार नगर पंचायत समेत 9 निकायों में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। नगर निगम व लोनी नगर पालिका परिषद का ईवीएम मशीनों से मतदान होगा। ईवीएम मशीन पर्याप्त संख्या में उपलब्ध है। कार्मिकों को आज से 7 मई तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं,मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आगामी 10 मई को सभी पोलिंग पार्टियां अपने-अपने क्षेत्रों के लिए रवाना होगी। 11 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।

मतदान के लिए 11 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी व होमगार्ड की ड्यूटी
जिले की सभी 9 निकायों में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से मतदान संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के लिहाज से 11 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी व होमगार्ड की ड्यूटी मतदान में लगाई गई है।इनमें इंस्पेक्टर व दारोगा-567,हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल-2509 और 4742 होमगार्ड तैनात किए जाएंगे।इसके अलावा अतिरिक्त पुलिसकर्मियों में इंस्पेक्टर-दारोगा-437,हेडकांस्टेबल व कांस्टेबल-1957 व 10 सैक्शन पीएसी व एक कंपनी सीआरपीएफ लगाई जाएगी। वहीं,जिले में 236 केंद्र संवेदनशील व 198 अति संवेदनशील और 51 अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में रखे गए है। कुल मिलाकर सभी 9 निकायों में 294 वार्ड है। 606 मतदान केंद्र एवं 2371 मतदान स्थल बनाए गए है।इनमें नगर निगम के 100 वार्डों में 331 मतदान केंद्र व 1264 मतदान स्थल,नगर पालिका परिषद मोदीनगर-34 वार्ड,46 मतदान केंद्र व 199 मतदान स्थल, नगर पालिका परिषद मुरादनगर-25 वार्ड,28 मतदान केंद्र व 108 मतदान स्थल,लोनी नगर पालिका परिषद-55 वार्ड,135 मतदान केंद्र व 554 मतदान स्थल,खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद-34 वार्ड,46 मतदान केंद्र व 177 मतदान स्थल एवं नगर पंचायत निवाड़ी-10 वार्ड,4 मतदान केंद्र व 10 मतदान स्थल,नगर पंचायत पतला-10 वार्ड, 3 मतदान केंद्र व 10 मतदान स्थल, नगर पंचायत फरीदनगर-11 वार्ड,4 मतदान केंद्र व 13 मतदान स्थल और डासना नगर पंचायत-15 वार्ड,मतदान केंद्र-9 व 36 मतदान स्थल बनाए गए हैं। इसके अलावा मतदान के लिए गाजियाबाद नगर निगम-21 रिटर्निंग ऑफिसर,43 सहायक रिटर्र्निंग ऑफिसर,कुल जोन-10,सेक्टर-60। मोदीनगर-8 आरओ,9 एआरओ,जोन-3,सेक्टर-15। मुरादनगर-6 आरओ,7 एआरओ,2 जोन व 5 सेक्टर, लोनी-10 आरओ,11 एआरओ,4 जोन,27 सेक्टर। खोड़ा-मकनपुर-7 आरओ, 8 एआरओ,3 जोन,15 सेक्टर।निवाड़ी-2 आरओ,3 एआरओ,1 जोन,1 सेक्टर। पतला-2 आरओ,3 एआरओ,1 जोन,1 सेक्टर। फरीदनगर-2 आरओ,3 एआरओ, 1 जोन,1 सेक्टर। डासना-3 आरओ,3 एआरओ,1 जोन,3 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे।