डबल मर्डर के बाद पुलिस मुठभेड़, 3 नक्सली ढेर

10 लाख का इनामी कमांडर आलोक भी मारा गया

पटना। बिहार में दोहरे हत्याकांड के बाद सर्च ऑपरेशन पर निकली पुलिस टीम की नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में 3 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया। इनमें 10 लाख का इनामी आलोक यादव भी मारा गया। वह नक्सली ग्रुप का जोनल कमांडर था। इस कार्रवाई से नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है। पुलिस के मुताबिक नक्सली संगठन के इंदल ग्रुप ने बाराचट्टी के महुआरी क्षेत्र में शनिवार की रात नगरपुरडीह के मुखिया के देवर वीरेंद्र यादव सहित 2 व्यक्तियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात की सूचना मिलने के बाद बाराचट्टी थाना पुलिस और कोबरा 205 कंपनी की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस टीम ने मौके पर जाकर नक्सलियों को घेर लिया। ऐसे में दोनों ओर से सैकड़ों राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान 10 लाख के इनामी जोनल कमांडर आलोक यादव को ढेर कर दिया। झारखंड सरकार ने उस पर ईनाम घोषित कर रखा था। घटनास्थल से 2 नक्सली घायल होने के बाद भाग गए। बाद में पुलिस को दोनों की लाश मिली। मुठभेड़ में एक पुलिस कर्मी और 2 ग्रामीण भी घायल हो गए। तीनों घायलों को इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है। एसएसपी राजीव मिश्रा के मुताबिक नक्सली आलोक यादव के अलावा उसके 2 सहयोगियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने मौके से एके-47 और इंसास राइफल के अलावा कुछ कारतूस और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की है। सुरक्षा बलों द्वारा अभी भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। नक्सलियों ने जिस वीरेंद्र यादव की हत्या की है, वह और उसका परिवार हमेशा नक्सलियों के निशाने पर रहा है। कई साल पहले वीरेंद्र के भाई की हत्या नक्सलियों ने कर दी थी। नक्सलियों के डर से वीरेंद्र गांव को छोड़कर बाराचट्टी शहर में आकर रहने लगा था, मगर महापर्व छठ के अवसर पर वह अपने गांव आया था। इसकी जानकारी मिलने पर नक्सलियों ने वीरेंद्र व उसके दोस्त की हत्या कर दी।