केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले कोरोना की चपेट में

पायल घोष को कल ज्वाइन कराई थी आरपीआई

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) सुप्रीमो रामदास आठवले कोविड-19 (कोरोना वायरस) की चपेट में आ गए हैं। उन्हें मुंबई के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। केंद्रीय मंत्री आठवले ने सोमवार को अभिनेत्री पायल घोष को आईपीआई की सदस्यता ग्रहण कराई थी। कार्यक्रम से घर लौटने के बाद उन्हें कफ और बदन दर्द की शिकायत हुई। ऐसे में उन्हें कोरोना टेस्ट कराया। टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई। तदुपरांत उन्हें मुंबई में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वह डॉक्टरों की देख-रेख में उपचार करा रहे हैं। इस खबर से केंद्रीय मंत्री के शुभचिंतकों की चिंता बढ़ गई है। शुभचिंतकों ने आठवले के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। बता दें कि अभिनेत्री पायल घोष ने सोमवार को मुंबई में आरपीआई की सदस्यता ग्रहण की थी। उन्हें पार्टी की महिला विंग का उपाध्यक्ष बनाया गया है। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री एवं आरपीआई के अध्यक्ष रामदास आठवले ने पायल को सदस्यता ग्रहण कराई थी। कार्यक्रम में आठवले ने कहा था कि आरपीआई बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की पार्टी है। ये समाज के प्रत्येक वर्ग की सहायता करती है। इससे पहले पायल घोष ने रामदास आठवले के साथ महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की थी। उस वक्त भी केंद्रीय मंत्री ने पायल को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया था। दरअसल पायल घोष ने फिल्म मेकर अनुराग कश्यप के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई थी। अनुराग पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने पूछताछ के लिए कश्यप को तलब किया था, मगर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया। पायल इस मामले में न्याय चाहती हैं। केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने पायल की हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। माना जा रहा है कि इंसाफ की खातिर पायल को सियासत में आना पड़ा है।