राज्य सभा चुनाव : भाजपा को मिलीं 8 सीटें

सपा-बसपा को सिर्फ 1-1 सीट पर कामयाबी

लखनऊ। राज्य सभा चुनाव के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 8, समाजवादी पार्टी (सपा) और बसपा को 1-1 सीट मिली है। सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ब्रज लाल, नीरज शेखर, हरिद्वार दूबे, गीता शाक्य, बी.एल. वर्मा और सीमा द्विवेदी को राज्यसभा जाने का मौका मिला है। जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव और बसपा प्रत्याशी रामजी गौतम निर्विरोध राज्य सभा सांसद चुने गए हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) ने संख्याबल को ध्यान में रखकर प्रोफेसर रामगोपाल यादव को उम्मीदवार बनाया था। निर्दलीय प्रत्याशी प्रकाश बजाज भी चुनाव मैदान में उतरे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के रहने वाले बजाज का पर्चा खारिज हो गया था। निर्विरोध निर्वाचित सभी सदस्यों को सहायक निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद मुशाहिद सईद ने प्रमाण पत्र सौंपे। भाजपा से निर्वाचित सदस्य बृज लाल ने बताया कि उन सभी का कार्यकाल 25 नवंबर 2020 से 24 नवंबर 2026 तक रहेगा। बता दें कि 10 सीटों के लिए कुल 11 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। जबकि निर्दलीय उम्मीदवार प्रकाश बजाज ने समाजवादी पार्टी के समर्थन से नामांकन पत्र दाखिल किया था, मगर तकनीकी त्रुटि की वजह से उनका नामांकन निरस्त हो गया। राज्य सभा में उत्तर प्रदेश कोटे से 31 सीटें हैं। इनमें अब सर्वाधिक 22 सीटें भाजपा की हो जाएंगी। जबकि समाजवादी पार्टी के पास 5 और बसपा के खाते में 3 सीटें रहेंगी। कांग्रेस के पास अब उत्तर प्रदेश से राज्य सभा की सिर्फ एक सीट रह जाएगी। राज्य सभा के 10 सांसदों का कार्यकाल 25 नवंबर को पूरा हो रहा है। इसमें भाजपा के 3, सपा के 4, बसपा के के 2 और कांग्रेस की एक सीट शामिल है। हालांकि राज्य सभा चुनाव में भाजपा उत्तर प्रदेश में 9 प्रत्याशी उतार कर जीत हासिल करने की स्थिति में थी, मगर उसने सिर्फ 8 प्रत्याशी उतार कर एक सीट खाली छोड़ दी थी।