ईडब्ल्यूएस-एलआईजी 92 भवनों का लॉटरी ड्रा से आवंटन, पात्र आवेदकों के खिले चेहरे

-जीडीए की यह पहल, ‘सबका घर, सबका अधिकारÓ के लक्ष्य को कर रही मजबूत’

उदय भूमि
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा शनिवार को हिंदी भवन, लोहिया नगर में ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) और एलआईजी (निम्न आय वर्ग) श्रेणी के 92 भवनों का लॉटरी ड्रा के माध्यम से आवंटन किया गया। पात्र आवेदकों के लिए यह दिन खुशियों से भरा रहा, क्योंकि उन्हें अपने आशियाने का सपना साकार होता दिखा। लॉटरी ड्रा की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू हुई, जिसकी अध्यक्षता जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर एडीएम (वित्त एवं राजस्व) सौरभ भट्ट, ओएसडी कनिका कौशिक, नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, बिल्डर के प्रतिनिधि और जीडीए के प्रभारी कंप्यूटर व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

31 ईडब्ल्यूएस और 61 एलआईजी भवनों का सफल आवंटन
-ईडब्ल्यूएस श्रेणी – 63 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 62 पात्र आवेदकों के बीच 31 भवनों का आवंटन हुआ।
-एलआईजी श्रेणी – 99 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 96 पात्र आवेदकों के बीच 61 भवनों का आवंटन हुआ।

आवंटन से खुश हुए आवेदक, चेहरे पर दिखी संतुष्टि
जीडीए के अनुसार, इन भवनों का निर्माण मैसर्स शुभहोम्स रियल्कॉन प्राइवेट लिमिटेड बिल्डर द्वारा किया गया है। लॉटरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरी हुई। जिन आवेदकों को अपने आशियाने का सपना पूरा होते दिखा, उनकी खुशी उनके चेहरों पर साफ झलक रही थी।

सस्ते और सुविधाजनक आवास का सपना साकार
गाजियाबाद में ईडब्ल्यूएस और एलआईजी श्रेणी के लिए किफायती आवासीय परियोजनाएं लोगों के लिए सपनों के घर को हकीकत में बदलने का अवसर दे रही हैं। इस सफल लॉटरी ड्रा से कई परिवारों को अपने घर का सपना पूरा करने का मौका मिला है।

जीडीए का प्रयास: हर जरूरतमंद को घर
जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने कहा गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) का लक्ष्य हर जरूरतमंद परिवार को किफायती और बेहतर आवास उपलब्ध कराना है। ईडब्ल्यूएस और एलआईजी श्रेणी के भवनों के आवंटन की यह प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न हुई है। हमने यह सुनिश्चित किया कि सभी पात्र आवेदकों को लॉटरी ड्रा के माध्यम से निष्पक्ष अवसर मिले। आगे भी जीडीए इसी तरह से योग्य लाभार्थियों को आवासीय योजनाओं का लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।