सुबह संग्राम, शाम में माहौल हुआ शांत

– नंदग्राम शांतिनगर प्रकरण को लेकर निगम मुख्यालय में म्युनिसिपल कमिश्नर के साथ कांग्रेस व अन्य दलों के प्रतिनिधियों की हुई वार्ता, भू-माफिया के साथ मिलकर जंग लडऩे को लेकर बनी सहमति

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। मंगलवार दिन में जहां निगम मुख्यालय रणक्षेत्र बना हुआ था वहीं शाम होते होते माहौल शांत हो गया। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह की पहल पर ना सिर्फ वार्ता हुई बल्कि विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने भी माना कि पूरे प्रकरण में नगर निगम को कसूरवार नहीं ठहराया जा सकता। जिन भू-माफियाओं ने लोगों के साथ छल किया है उनके खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ी जाएगी। नगर निगम द्वारा पीडि़त लोगों की हर संभव मदद की जाएगी।

निगम मुख्यालय में संग्राम: सुरक्षाकर्मियों से भिड़े कांग्रेसी

गाजियाबाद के म्युनिसिपल कमिश्नर आईएएस महेंद्र सिंह तंवर कड़क लेकिन भावुक अधिकारी हैं। शासन के निर्देश और सरकार की योजनाओं पर अमल करने को लेकर जहां उनका सख्त रवैया दिखाई देता है वहीं पीडि़त, गरीब और कमजोर लोगों के प्रति उनके मन में सहानुभूति का भाव रहता है। उनके इस स्वभाव की झलक मंगलवार को देखने को मिला। सुबह के समय निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच जाकर उन्होंने सख्त लहजे में प्रदर्शनकारियों को समझाया कि उनकी बातों को सुना जाएगा लेकिन पॉलिटीकल सेंटर बनाने के लिए जमीन को हर हाल में खाली कराया जाएगा। वहीं शाम में प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधि मंडल के साथ वार्ता की पहल की और किस तरह से भू-माफिया का शिकार हुए लोगों की मदद की जाये इस पर मंथन किया। म्युनिसिपल कमिश्नर का यह व्यवहार प्रदर्शनकारियों को भी भा गया। शनिवार को जब नगर निगम द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान कांग्रेसी पार्षद माया देवी बीमार हो गई थी। उनका हाल जानने एवं मदद करने के लिए म्युनिसिपल कमिश्नर ने अपर नगरायुक्त आरएन पांडे को अस्पताल भेजा था।
मंगलवार शाम को निगम मुख्यालय सभागार में हुई वार्ता में नंदग्राम वासियों एवं उनके राजनैतिक एवं जनप्रतिनिधियों ने बिंदुवार अपनी समस्या रखी। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर द्वारा सभी बिंदुओं को सुना गया और नियमानुसार उस पर क्या किया जा सकता है। इसको लेकर अपनी बात रखी। प्रतिनिधियों द्वारा भी भू-माफिया के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की अपील की गई। जिस पर म्युनिसिपल कमिश्नर ने कहा कि किसी भी प्रकार की मदद के लिए लोगों के साथ हैं। जिन भू-माफियाओं ने धोखाधड़ी से सरकारी जमीन को बेचा है उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने से वह पीछे नहीं हटेंगे। म्युनिसिपल कमिश्नर ने कहा कि नंदग्राम स्थित सरकारी जमीन पर सरकार की योजना का क्रियान्वयन होना है। यहां पॉलिटिकल सेंटर बनने से शहर का मान बढ़ेगा। ऐसे में जमीन से अतिक्रमण हटाया जाएगा। लेकिन जिन लोगों के अवैध मकान टूटेंगे उन्हें काशीराम आवास योजना के तहत आश्रय स्थल मुहैया कराया जा सकता है। नगर निगम द्वारा हर संभव मदद की जाएगी। भू-माफिया के खिलाफ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। जिस पर वार्ता में आए लोगों ने सहमति दे दी। म्युनिसिपल कमिश्नर के साथ हुई वार्ता में कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष मनोज कौशिक, कांग्रेस पार्षद दल के नेता जाकिर सैफी, पार्षद मनोज चौधरी, पार्षद माया देवी के पुत्र तुषार व अन्य क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।