– धूल मुक्ति अभियान के साथ नगर निगम ने चलाया ट्रक मुक्ति अभियान
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। काम नहीं होने पर जिस तरह शहरवासी कोसने में देरी नहीं लगाते उसी तरह अच्छा कार्य करने पर अधिकारियों का सम्मान करने से भी नहीं चुकते हैं। नगर निगम द्वारा शनिवार को कविनगर जोन स्थित औद्योगिक क्षेत्र में धूल मुक्ति के साथ-साथ ट्रक मुक्ति अभियान चलाया गया। नगर निगम के इस अभियान की औद्योगिक संगठन के पदाधिकारियों ने सराहना की और म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर को थैंक्यू बोला।
म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने शनिवार को नगर निगम अधिकारियों के साथ कवि नगर स्थित बुलंदशहर इंडस्ट्रिय एरिया का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि आरटीओ के सामने वाली रोड काफी संख्या में ट्रक खड़े थे और उन पर काफी धूल मिट्टी जमे हुए थे। पूछने पर ज्ञात हुआ कि महीनों से यहां ट्रक खड़े हैं जिसके कारण सफाई व्यवस्था के साथ-साथ सौंदर्यीकरण का कार्य बाधित हो रहा है। म्युनिसिपल कमिश्नर ने तत्काल प्रभाव से संबंधित अधिकारियों को औद्योगिक क्षेत्र में धूल मुक्त अभियान के साथ-साथ ट्रक मुक्त अभियान चलाने का निर्देश दिया।
जिसके बाद वहां खड़े ट्रकों को हटवा कर धूल मुक्त अभियान चलाया गया। ग्रीन बेल्ट को भी साफ कर वहां पानी का छिड़काव कराया गया। नगर निगम के इस अभियान की जानकारी होने पर उद्योग बंधु इंडस्ट्रियल एरिया के महासचिव राजीव अरोड़ा एवं अन्य उद्यमी मौके पर पहुंचे और म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर सहित निगम की टीम का आभार जताते हुए थैंक्यू बोला। राजीव अरोड़ा ने कहा कि वर्षों से यह स्थल बहुत ही प्रदूषित था। ट्रक खड़े होने से इस रोड पर परेशानी बढ़ रही थी। यह रास्ता आमजन के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्र में आने जाने वालों के लिए भी मुख्य रास्ता है। ऐसे में इसकी सफाई होने पर उद्यमी खुश हैं।
















