-हर पात्र परिवार तक पहुंचेगा राशन, पारदर्शिता बनेगी पहचान
-जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी की सतर्क निगरानी में जनहित को मिल रही प्राथमिकता
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद प्रशासन ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत माह अक्टूबर 2025 के लिए आवंटित खाद्यान्न का अग्रिम नि:शुल्क वितरण शुरू करने की घोषणा की है। आयुक्त, खाद्य एवं रसद विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार यह वितरण 10 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस अवधि में जिले के सभी उचित दर दुकानों पर लाभार्थियों को पूरी पारदर्शिता के साथ राशन उपलब्ध कराया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि राशन वितरण का कार्य प्रात: 8 बजे से 12 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक सुनिश्चित किया जाएगा। प्रत्येक उचित दर विक्रेता को निर्देश दिए गए हैं कि वे टोकन प्रणाली अपनाकर भीड़ और अव्यवस्था से बचें, ताकि किसी भी लाभार्थी को असुविधा न हो। साथ ही, ई-पॉस मशीनों और मोबाइल ओटीपी प्रणाली के माध्यम से वितरण को डिजिटल और पारदर्शी बनाया गया है।
वितरण कार्य नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न होगा, जिससे शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। मोबाइल ओटीपी के माध्यम से वितरण की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई है। जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे विक्रेताओं को पूर्ण सहयोग प्रदान करें और केवल नियमानुसार अपनी वस्तुएं प्राप्त करें। साथ ही सभी विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि वितरण की तिथि, समय और प्रक्रिया संबंधी सूचना अपनी दुकानों पर पूर्व में चस्पा करें, जिससे किसी भी तरह की भ्रम की स्थिति न बने।
निगरानी में कोई ढिलाई नहीं- हर लाभार्थी तक पहुंचेगा हक
अमित तिवारी ने बताया कि सभी क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और पूर्ति निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर वितरण की निगरानी करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि खाद्यान्न का शत-प्रतिशत वितरण लाभार्थियों तक निर्धारित मात्रानुसार कराया जाए। इसके लिए जिलास्तर पर निरंतर पर्यवेक्षण एवं मॉनिटरिंग की जा रही है।
कार्डधारकों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
वितरण के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या, शिकायत या असुविधा होने पर कार्डधारक निम्न अधिकारियों से सीधे संपर्क कर सकते हैं:
• मोदीनगर क्षेत्र: विनोद भारती (9528871403), स्वेज पंवार (9720577155)
• ब्लॉक भोजपुर: हेमलता (7408137240)
• मोदीनगर शहर: दीपा वर्मा (8272829626)
• मुरादनगर क्षेत्र: शैलेश कुमार सिंह (9453418386)
• लोनी क्षेत्र: विशाल यादव (7906871761), आनंद स्वरूप त्रिपाठी (9984450573)
• सदर क्षेत्र: प्रिया तिवारी (6394555683)
• रजापुर क्षेत्र: सत्यप्रकाश मालवीय (8010287829)
• नगर क्षेत्र द्वितीय: प्रियंका राय (8800453645)
• ट्रांस-हिंडन: नूर फातिमा (8081205222)
• खोड़ा क्षेत्र: दिव्या जिंदल (8860369093)
किसी अन्य समस्या हेतु कार्डधारक जिला पूर्ति कार्यालय, गाजियाबाद के नंबर 0120-3761964 पर संपर्क कर सकते हैं।
एक संवेदनशील और कुशल प्रशासक
जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी की पहचान एक ईमानदार, तत्पर और जनसरोकारों के प्रति समर्पित अधिकारी के रूप में होती जा रही है। वे न केवल खाद्यान्न वितरण की निगरानी करते हैं, बल्कि स्वयं फील्ड में जाकर कार्डधारकों से संवाद भी करते हैं। उनके नेतृत्व में गाजियाबाद में डिजिटल वितरण मॉनिटरिंग, टोकन सिस्टम, और फीडबैक आधारित निरीक्षण व्यवस्था लागू की गई है, जिससे जनता का भरोसा और पारदर्शिता दोनों बढ़े हैं। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के इस नि:शुल्क वितरण अभियान से गाजियाबाद जिले के लाखों कार्डधारकों को सीधा लाभ मिलेगा। प्रशासन की तैयारियों और अधिकारी की सक्रियता से यह स्पष्ट है कि इस बार राशन वितरण केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि एक जनसरोकार बन चुका है।

गाजियाबाद प्रशासन की प्राथमिकता है कि हर पात्र परिवार तक उसका अधिकार सुरक्षित और समय पर पहुँचे। इस बार खाद्यान्न वितरण प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे। हमारी टीमें सुबह से शाम तक फील्ड में सक्रिय रहेंगी। हर उचित दर दुकान की निगरानी वास्तविक समय में की जा रही है। जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी प्रेरणा है, और हमारी कोशिश है कि यह विश्वास और मजबूत बने।
अमित तिवारी
जिला पूर्ति अधिकारी
















