आर्थिक स्थिति सुधारने में ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड मददगार: विक्रमादित्य सिंह मलिक

-दो दिवसीय म्युनिसिपल बॉन्ड आउटरीच कार्यक्रम में गाजियाबाद नगर आयुक्त ने सांझा किया अनुभव

गाजियाबाद। चंडीगढ़ में भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) की ओर से दो दिवसीय म्युनिसिपल बॉन्ड आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आगरा नगर निगम के मुख्य वित्तीय एवं लेखा अधिकारी, जम्मू नगर निगम के नगर आयुक्त, पालमपुर के नगर आयुक्त, जम्मू व कश्मीर नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव समेत अन्य कई उच्च अधिकारी उपस्थित रहे। इसमें कई प्रतिष्ठित लॉ फॉर्म एवं बैंकों के प्रबंधकों ने भी हिस्सा लिया। वहीं, गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने भी प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में म्युनिसिपल बॉन्ड को लेकर विस्तृत रूप से चर्चा की गई। नगर आयुक्त ने ग्रीन म्यूनिसिपल बॉन्ड को लेकर अपने अनुभव को भी साझा किया। सेबी द्वारा भव्य रूप में आयोजित किए गए कार्यक्रम मेंं पहले दिन सोमवार को राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस पर सेबी के प्रतिनिधियों, बॉन्ड मार्केट के प्रतिनिधियों समेत कई उच्च पदाधिकारी ने नगर निगमों की आर्थिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चर्चा की। नगर आयुक्त ने कॉन्फ्रेंस के दौरान किस प्रकार म्युनिसिपल बॉन्ड के जरिए नगर निगमों के लिए वैकल्पिक आय स्रोत की व्यवस्था पर विचार रखे। मंगलवार को दूसरे दिन पैनल चर्चा में भी नगर आयुक्त ने अपने अनुभवों को साझा किया।

उन्होंने कहा कि ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड को लेने वाला गाजियाबाद नगर निगम उत्तर प्रदेश का पहला नगर निगम है। ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड के माध्यम से नगर निगम की कार्यशैली को बेहतर करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। नगर निगम की वित्तीय अनुशासन प्रदर्शित एवं कार्यशैली को बेहतर कर मजबूत आर्थिक व्यवस्था में यह मददगार हो सकता है। कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त द्वारा म्युनिसिपल बॉन्ड को लेकर रखे अपने विचारों की उपस्थित सभी लोगों ने सराहना की।गाजियाबाद नगर निगम से ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड सलाहकार अनुराग भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।