BJP ने 19 बागियों को पार्टी से निकाला गुलाब चन्द गुप्ता, प्रमोद तिवारी समेत कई अन्य 6 साल के लिए निष्कासित

गाजियाबाद। नगरीय निकाय चुनाव में बागियों के खिलाफ BJP ने बड़ा एक्शन लेना शुरू कर दिया है। ये वो लोग हैं जिन्हें पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ मैदान में उतरने के कारण अनुशासनहीनता का आरोपी मानते हुए छह साल के लिए निष्कासित किया गया है। क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र शिशौदिया ने मंगलवार को 19 बागियों को छह साल के लिए भाजपा से निष्कासित कर दिया। पार्टी द्वारा तमाम बैठकें कर बागियों को समझाने का प्रयास किया गया। लेकिन यह लोग नहीं माने और नामांकन कर डाला। नामांकन के बाद भी उन्हें बैठाने के लिए प्रयास चलते रहे। हालांकि यह समय भी बीत गया और वह पार्टी प्रत्याशियों के विरोध में चुनाव प्रचार में ताकत झोंके हुए थे। इन सबकी स्थानीय स्तर से सूची बनाकर प्रदेश नेतृत्व को भेजी गई थी। जिसके बाद यह कार्रवाई हुई।

निष्कासित होने वालों में BJP के पूर्व मंडल अध्यक्ष वार्ड-68 गुलाब चन्द गुप्ता, वार्ड-79 वार्ड अध्यक्ष प्रमोद तिवारी, वार्ड-84 से मंडल अध्यक्ष विनित शर्मा, वार्ड-91 पूर्व मंडल उपाध्यक्ष अजय गुप्ता, वार्ड-33 पूर्व पार्षद अरुण जैन, मंडल महामंत्री ऋषभ जैन, वार्ड-50 मंडल मंत्री नीतू सिंह, वार्ड-72 पूर्व पार्षद मनोज गोयल, वार्ड-76 पूर्व महानगर मंत्री दिनेश लखेड़ा, वार्ड-80 पूर्व पार्षद हेमलता शर्मा, आलोक शर्मा, वार्ड-86 पूर्व पार्षद आनन्द गुप्ता, वार्ड-87 पूर्व पार्षद सलेख चन्द त्यागी, वार्ड-85 पूर्व पार्षद विनोद शर्मा, वार्ड-46 पूर्व नामित पार्षद मोहन सिंह रावत, वार्ड-83 पूर्व पार्षद कुसुम सिंह, एसपी सिंह, वार्ड-61 मंडल महामंत्री प्रमोद तिवारी, वार्ड-10 पूर्व मंडल मंत्री नीतू श्रीवास्तव, चन्द्र भूषण श्रीवास्तव, वार्ड-51 मंडल महामंत्री प्रीति शर्मा, वार्ड-94 मंडल महामंत्री शशि खेमका, पिछड़ा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष जितेन्द्र यादव को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया है।

क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र शिशौदिया ने जारी हुए आदेश में कहा, निकाय चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लडऩे-लड़ाने एवं पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के कारण इन्हें छह साल के लिए निष्कासित किया गया है। पूर्व मंडल अध्यक्ष गुलाब चन्द गुप्ता वार्ड-68 से भाजपा पार्षद के लिए टिकट मांग रहे थे। लेकिन पार्टी ने इनका टिकट काटकर विनय चौधरी वार्ड-68 से टिकट दे दिया। जिसके बाद गुलाब चन्द गुप्ता ने निर्दलीय पर्चा भर दिया। इसी तरह वार्ड अध्यक्ष प्रमोद तिवारी वार्ड 79 से टिकट मांग रहे थे। टिकट न मिलने पर निर्दलीय खड़े हो गए। गौरतलब हो कि कई ऐसे भाजपा नेता है, जिन्होंने पार्टी से टिकट न मिलने पर पार्टी के खिलाफ बगावत कर दी। गुलाब चन्द गुप्ता और प्रमोद तिवारी ने टिकट न मिलने पर अपने पार्टी के ही प्रत्याशी के सामने निर्दलीय नामाकंन दाखिल कर दिया। वहीं गुलाब चन्द गुप्ता पर आचार संहिता के उल्लघंन के आरोप लग रहे है। आरोप है कि निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी गुलाब चन्द गुप्ता वोट के लिए लोगों लोक लुभावन वादे कर रहे है। जैसे-राशन फ्री, आरओ का पानी फ्री आदि की घोषणा की। जिसका पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।