स्वास्थ्य खराब : सांसद साध्वी प्रज्ञा एम्स में भर्ती

रेटिना में संक्रमण, डॉक्टरों की निगरानी में इलाज

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेज-तर्रार सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का स्वास्थ्य एकाएक बिगड़ गया है। इलाज के लिए उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली में भर्ती कराया गया। इस बीच प्रज्ञा की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट नकारात्मक मिली है। वह फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में हैं। साध्वी प्रज्ञा मध्य प्रदेश के भोपाल से सांसद हैं। अपनी तेज-तर्रार छवि के लिए वह जानी-पहचानी जाती हैं। सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पिछले कुछ माह से रेटिना के पिछले हिस्से में संक्रमण का इलाज करा रही हैं। इलाज के सिलसिले में उन्हें अक्सर दिल्ली आना पड़ता है। इसी रूटीन चेकअप के लिए 2 दिन पहले सांसद साध्वी प्रज्ञा दिल्ली पहुंचीं, मगर प्राथमिक जांच के बाद उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कर लिया गया। उनका कोरोना टेस्ट कराया गया। टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आई है। यह उनके लिए राहत की खबर है। डॉक्टरों का कहना है कि पूरी तरह स्वस्थ होने तक साध्वी प्रज्ञा को एम्स में रहना होगा। इस बीच सांसद कार्यालय ने जानकारी दी कि अस्पताल में भर्ती होने के कारण से वह एनआईए कोर्ट नहीं जा सकीं, मगर कोर्ट की अगली तारीख पर वह प्रस्तुत होकर अपना पक्ष रखेंगी। शुक्रवार को मालेगांव ब्लास्ट मामले में एनआईए कोर्ट में साध्वी प्रज्ञा को पेश होना था, मगर स्वास्थ खराब होने की वजह से वह कोर्ट नहीं पहुंच सकीं। सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह रेटिना संक्रमण, सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याओं से काफी समय से जूझ रही हैं। साध्वी प्रज्ञा का इलाज दिल्ली एम्स के डॉक्टरों की देख-रेख में चल रहा है। बता दें कि मालेगांव ब्लास्ट में साध्वी प्रज्ञा का नाम आने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। काफी समय तक वह जेल में रहीं। कुछ वर्ष पहले उन्हें कोर्ट से राहत भी मिल गई थी। साध्वी प्रज्ञा का आरोप है कि उन्हें मालेगांव ब्लास्ट केस में षडयंत्र के तहत फंसाया गया था।