बसपा और सपा सरकार में जिसकी बोलती थी तूती, उसी रसूखदार बिल्डर पर जीडीए ने डाला हाथ

-जीडीए ने बिल्डर उप्पल चड्ढ़ा गु्रप के वेब सिटी का आॅफिस किया सील, 5 करोड़ देने के बाद खोली सील, जीडीए वीसी कंचन वर्मा और सचिव संतोष कुमार राय के निर्देश पर ओएसडी सुशील कुमार चौबे के नेतृत्व में हुई जीडीए की बड़ी कार्रवाई

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने बिगड़ैल बिल्डरों की नकेल कसनी शुरू कर दी है। बसपा और सपा सरकार में जिस बिल्डर के यहां जाने से भी जीडीए के अधिकारी घबराते थे उस बिल्डर पर बृहस्पतिवार को जीडीए ने जोरदार प्रहार किया। जीडीए अधिकारियों ने बिल्डर का आॅफिस सील कर दिया। बकाये रकम की एक किश्त जमा कराने और शेष बची राशि जल्द जमा करने को लेकर बिल्डर द्वारा आश्वासन मिलने के बाद ही आॅफिस की सील खोली गई।
नेशनल हाइवे-9 स्थित बिल्डर उप्पल चड्ढ़ा गु्रप की वेब सिटी पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) का डेवलपमेंट चार्ज का 25 करोड़ रुपए बकाया होने के चलते वेब सिटी का आॅफिस सील कर दिया गया। बिल्डर को कई बार नोटिस जारी किए गए थे लेकिन नोटिस को बिल्डर ने गंभीरता से नहीं लिया। फोन करने के बाद भी बिल्डर ने बकाया पैसा जमा कराने को लेकर कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। जिसके बाद बृहस्पतिवार को जीडीए ओएसडी एवं प्रवर्तन जोन-4 के प्रभारी सुशील कुमार चौबे के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने बिल्डर के आॅफिस को सील करा दिया। वेव सिटी बिल्डर पर जीडीए का 25 करोड़ सिटी डेवलपमेंट चार्ज (सीडीसी) बकाया हैं। इस कार्रवाई के बाद बिल्डर ने बकाया राशि के मद में 5 करोड़ सीडीसी चार्ज जमा करा दिया। बाकी बकाया जल्द से जल्द जमा कराने का बिल्डर ने जीडीए अधिकारियों को आश्वासन दिया। इसके बाद जीडीए अधिकारियों ने साइट आॅफिस पर लगाई गई सील को खोल दिया है। जीडीए सचिव संतोष कुमार राय ने बताया कि बकाया जमा न करने के चलते वेव सिटी के आॅफिस पर सीलिंग की कार्रवाई की गई थी। बिल्डर ने 5 करोड़ बकाया जमा करा दिया है। बाकी को जल्द कराने का आश्वासन देने के बाद साइट आॅफिस की सील को खोल दिया गया। वहीं, जीडीए प्रवर्तन जोन-4 के प्रभारी सहायक अभियंता योगेश कुमार पटेल ने अवर अभियंता ज्ञान प्रकाश द्विवेदी, अशोक अरोड़ा, अभय बेनीपुरी, संजय कुमार, रमेश चंद, बीडी शुक्ला, संजीव गुप्ता, जीडीए पुलिस की मौजूदगी में जीडीए उपाध्यक्ष के आदेश पर अवैध रूप से संचालित किए जा रहे कॉलेज को सील कर दिया। प्रवर्तन जोन प्रभारी योगेश कुमार पटेल ने बताया कि पांडवनगर स्थित न्यू ऐरा कॉलेज आॅफ साइंस, विक्रांत फार्म हाउस, हवेली फार्म हाउस, सेलिब्रेशन फार्म हाउस, देवीयाना फार्म हाउस एवं नैवेद्यम रेस्टोरेंट को सील किया गया। इन्हें नोटिस जारी किया गया कि बगैर नक्शा स्वीकृत कराए अवैध निर्माण किया गया है। उसके बाद यह कार्रवाई की गई। जीडीए द्वारा बड़े बिल्डरों पर शिकंजा कसा जा रहा है उसी के तहत यह कार्रवाईयां हो रही है।