प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभारंभ कर सफर भी किया
अहमदाबाद। त्यौहारी सीजन में गुजरात को सी-प्लेन सेवा का तोहफा मिल गया है। लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केवड़िया साबरमती रिवर फ्रंट सी-प्लेन सेवा का शुभारंभ किया। बाद में उन्होंने खुद सी-प्लेन के जरिए केवड़िया से अहमदाबाद तक का सफर किया। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने सी-प्लेन सेवा की खासियत का भी उल्लेख किया। यह देश की पहली सी-प्लेन सेवा है। यह सेवा अहमदाबाद के साबरमती रिवर फ्रंट को जनपद नर्मदा के केवड़िया में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से जोड़ेगी। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने साल 2017 के गुजरात विधान सभा चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन सी-प्लेन से साबरमती नदी से मेहसाणा जनपद के धरोई बांध तक यात्रा की थी। यह सी-प्लेन पानी और जमीन दोनों स्थानों से उड़ान भर सकता है। इसके साथ सी-प्लेन को पानी और जमीन दोनों जगह लैंड भी कराया जा सकता है। सी-प्लेन को उड़ान भरने के लिए 300 मीटर के रनवे की जरूरत होगी। यह किसी भी जलाशय का हवाई पट्टी के रूप में प्रयोग कर उड़ान भर सकता है। सी प्लेन में एक बार में 19 यात्रियों के बैठने की सुविधा है। उधर, सी-प्लेन में सवार होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जल हवाई अड्डे पर संबंधित अधिकारियों से बात कर विमान के विषय में जानकारी ली। यह विमान लगभग 200 किलोमीटर की दूरी को 40 मिनट में तय कर लेगा। इससे समय की बचत होगी। सी प्लेन असल में ट्विन ऑट्टर 300 सी-प्लेन है। इसका वजन 3 हजार 377 किलोग्राम है। इसमें 1,419 लीटर तक पेट्रोल भरने की क्षमता है। हर एक घंटे की उड़ान के लिए यह सिर्फ 272 लीटर पेट्रोल खर्च करता है। साबरमती रिवर फ्रंट से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जाने-आने में अब ज्यादा समय नहीं लगेगा। कम समय में यात्री यह दूरी पूरी कर सकेंगे।















