पश्चिम बंगाल : शुभेंदू ने ममता को दिया झटका

मंत्री पद छोड़ा, भाजपा में जाने की अटकलें तेज

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को शुक्रवार को जोर का झटका लगा। ममता बनर्जी सरकार में परिवहन मंत्री शुभेंदू अधिकारी ने पद से इस्तीफा दे दिया। शुभेंदू काफी समय से बागी रूख अपनाए हुए थे। उनके टीएमसी को छोडऩे की अटकलें भी चल रही थीं। इन अटकलों पर अब विराम लग गया है। फिलहाल शुभेंदू ने भविष्य की राजनीति को लेकर अपने पत्ते नहीं खोले हैं। हालांकि चर्चा है कि वह भाजपा का दामन थाम सकते हैं। पश्चिम बंगाल में अगले साल विधान सभा चुनाव होने हैं। इसके लिए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) तैयारियों में जुटी है। पुन: सत्ता पर काबिज होने के लिए टीएमसी हरसंभव कोशिशें कर रही हैं। इस बीच पार्टी के भीतर उठा-पठक भी शुरू हो गई है। शुभेंदू अधिकारी ने शुक्रवार को एकाएक परिवहन मंत्री पद से इस्तीफा देकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को झटका दे डाला है। पिछले कुछ समय से वह बगावती रूख अपनाए हुए थे। इसके पहले शुभेंदू हुगली रिवर ब्रिज कमीशन के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद इस पद पर तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी की तत्काल नियुक्ति कर दी गई। बागी शुभेंदू अधिकारी काफी समय से राज्य कैबिनेट की बैठक में शामिल नहीं हो रहे थे। वह अपनी जनसभाओं में न तो टीएमसी के झंडे का इस्तेमाल कर रहे हैं और ना मुख्यमंत्री व पार्टी अध्यक्ष ममता बनर्जी की तस्वीरों का। उनके भाजपा में शामिल होने की संभावना जाहिर की गई है। भाजपा ने उन्हें पार्टी में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया है। शुभेंदू अधिकारी लंबे वक्त से टीएमसी के साथ जुड़े रहे हैं। आगामी विधान सभा चुनाव की तैयारियों में जुटी टीएमसी के लिए शुभेंदू ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पश्चिम बंगाल की सत्ता में आने को भाजपा ऐड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। भाजपा और टीएमसी के बीच समय-समय पर तीखी जुबानी जंग देखने को मिलती रहती है।