उत्तर प्रदेश में मिशन शक्ति अभियान का आगाज

असमाजिक तत्वों को मुख्यमंत्री की चेतावनी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बलरामपुर जनपद से मिशन शक्ति अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान शारदीय नवरात्र से बासंतिक नवरात्र तक चलेगा। इस दरम्यान सीएम ने सूबे में नारी सम्मान और सुरक्षा को बनाए रखने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कुछ दिन पहले बलरामपुर में हैवानियत का शिकार बालिका का भी जिक्र किया। उत्तर प्रदेश सरकार ने शक्ति अभियान की शुरुआत की है। यह प्रदेशव्यापी अभियान है। इस सिलसिले में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की प्रत्येक बेटी-प्रत्येक महिला का सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने के सरकार प्रतिबद्ध है। बेटियों पर बुरी नजर रखने वालों के लिए उत्तर प्रदेश की धरती पर कोई जगह नहीं है। यह लोग सभ्य समाज के लिए कलंक हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ऐसे अपराधियों से पूरी सख्ती से निपटेगी। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि नारी शक्ति की प्रतीक है। सनातन परंपरा में नारी पूजनीय है, वंदनीय है। उन्होंने बताया कि प्रदेशव्यापी मिशन शक्ति के प्रथम चरण में बच्चों, बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित कर जन-जागरूकता का कार्यक्रम चलाया जाएगा। द्वितीय चरण में ऑपरेशन शक्ति के तहत चिन्हित मनचलों व शोहदों की काउंसलिंग कराई जाएगी। इसके बाद भी यदि वह नहीं सुधरे तो जन-सहयोग से ऐसे असामाजिक तत्वों के सामाजिक बहिष्कार की कार्रवाई होगी। मनचलों की तस्वीर चौराहों पर लगेगी। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत महिला हित में कार्यरत संस्थाओं, समूहों और नागरिकों को सूचीबद्ध कर प्रदेश सरकार सम्मानित करेगी। बता दें कि कुछ दिन पहले जनपद बलरामपुर में लड़की के साथ गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई थी। मिशन शक्ति कार्यक्रम के आगाज के दौरान सीएम योगी ने उस बालिका का जिक्र कर उसे श्रद्धांजलि दी।