यातायात नियमों पर नगर आयुक्त सख्त, निगम पढ़ाएगा नियमों का पाठ

-नियमों का उल्लंघन करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई: विक्रमादित्य सिंह मलिक

गाजियाबाद। यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने से ही मार्ग हादसों पर अंकुश लगाया जा सकता है। तनिक सी लापरवाही से परिवार की खुशियां गम में बदल जाती हैं। वाहन चलाने के दौरान इस बात पर जरूर ध्यान दें कि वाहन की गति अनियंत्रित न होने पाए। उक्त बातें नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहीं। उन्होंने कहा आधुनिकता के दौर में भारत जैसे देश में मार्ग हादसों में तेजी से वृद्धि हो रही है। इसका कारण एक तो सड़कों पर बढ़ता वाहनों का दबाव है, तो दूसरा यातायात नियमों की अनदेखी करना है। तमाम प्रकार के प्रचार प्रसार के माध्यम से यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाता है, लेकिन इसके बाद भी हादसे हो रहे हैं। जिसको लेकर जागरुकता बेहद जरुरी है। नगर आयुक्त ने नगर निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने और पालन कराने के लिए मोटिवेट किया गया। साथ ही पांचों जोनल कार्यालय में भी ट्रैफिक नियमों का पालन करने के आदेश दिए। जिसके लिए नगर निगम मुख्यालय व जोनल कार्यालयों में आने वाले आगंतुकों से ट्रैफिक नियमों का पालन अवश्य करें, इसके प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।

साथ ही उन्होंने वाहन चालकों को भी स्पष्ट निर्देश जारी किए है। यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने को चल रही कवायद के बीच नगर निगम ने अपने सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने का आदेश जारी किया है। कूड़े की गाडिय़ां व अन्य वाहन चालकों से कहा कि यातायात नियमों का पालन न हुआ तो ट्रैफिक पुलिस के साथ ही निगम भी कार्रवाई करेगा। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी के निर्देशानुसार नगर आयुक्त द्वारा अपने निगम कर्मचारियों एवं अधिकारियों को निगम एवं जोनल कार्यालय में आते समय सीट बेल्ट व हेलमेट का आवश्यक प्रयोग करने के लिए कहा गया। साथ ही अन्य आगुंतकों को भी ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए अपील की गई है।

शहर वासियों से अपील की गई है कि वह निगम कार्यालय में जाते समय हेलमेट वह गाड़ी चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। लोगो की जागरूकता से ही सड़क पर होने वाले हादसों पर रोक लग सकती है। नगर निगम द्वारा माह नवंबर जो की ट्रैफिक नियमों का विशेष माह होता है, उसमें भी सहयोग किया था। कई जगह शहर में डायरेक्शन बोर्ड भी लगाए गए। इसी प्रकार सड़क सुरक्षा के लिए जन-जन को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए निगम सहयोग कर रहा है। नगर निगम अन्य विभागों से समन्वय कर शहर हित में बेहतर करने के लिए सदैव तत्पर है, जिसमें जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग प्राप्त होता है।