नगर आयुक्त की प्लानिंग ला रही रंग, पिछले वर्ष के सापेक्ष 34 करोड़ की हुई अधिक वसूली

-टैक्स वसूली को बढ़ाने के लिए चल रहा फॉलोअप, प्रभारियों ने की टैक्स विभाग की बैठक

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स वसूली को लेकर की गई सख्ती के चलते पिछले साल के सापेक्ष एक जनवरी तक 34 करोड़ रुपए की अधिक वसूली हुई। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की प्लानिंग और जोनल प्रभारियों के साथ लगातार बैठक के चलते इस बार हाउस टैक्स की वसूली अधिक हुई। हाउस टैक्स की वसूली अधिक होने से नगर निगम की आय में बढ़ोतरी हुई हैं। नगर आयुक्त ने मार्च तक टैक्स वसूली ओर बढ़ाने के लिए अधिकारियों को लक्ष्य दिया हुआ है। नगर आयुक्त के निर्देश पर शुक्रवार को नगर निगम सभागार में अपर नगर आयुक्त एवं वरिष्ठ टैक्स प्रभारी अरुण यादव व मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने कर वसूली को लेकर राजस्व निरीक्षक, टैक्स निरीक्षक, जोनल प्रभारी, टैक्स अधीक्षक के साथ बैठक की।

बैठक में टैक्स वसूली बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक में अधिकारियों ने कई समस्याएं भी बताई। जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। ऐसे भवन जो हाउस टैक्स से वंचित है। उन्हें शामिल करते हुए हाउस टैक्स वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए गए। हाउस टैक्स जमा करने के लिए प्रचार-प्रसार को लेकर जोनल प्रभारियों को निर्देशित किया गया। इसके साथ ही हाउस टैक्स के बड़े बकाएदारों के प्रतिष्ठानों को सील करने के लिए कहा गया। टैक्स वसूली को लगातार जोनल प्रभारियों की देखरेख में बढ़ाया जा रहा है। नगर आयुक्त भी लगातार कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

टीम को प्रोत्साहित भी किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को प्लानिंग के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। 1 अप्रैल 2023 से 1 जनवरी 2024 तक वसुंधरा जोन से लगभग 77 करोड़ रुपए,मोहन नगर जोन से लगभग 26 करोड़,कविनगर जोन से लगभग 35 करोड़, सिटी जोन से लगभग 32 करोड़, और विजयनगर जोन से लगभग 10 करोड़ रुपए की हाउस टैक्स की वसूली की गई है।