प्लास्टिक मुक्त अभियान: नगर निगम की टीम ने जब्त की 4 क्विंटल प्लास्टिक

-नगर निगम की कार्रवाई का व्यापारियों ने किया विरोध, 51 हजार रुपए वसूला जुर्माना

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा शहर में चलाए जा रहे प्लास्टिक मुक्त अभियान का व्यापारियों द्वारा भारी विरोध किया जा रहा है। बावजूद इसके निगम का अभियान जारी है। शनिवार को कविनगर जोन और विजयनगर जोन क्षेत्र में अभियान चलाकर टीमों ने लगभग 4 क्विंटल 6 किलोग्राम प्लास्टिक को जब्त कर लिया। मौके पर करीब 51 हजार रुपए का जुर्माना भी वसूला गया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का कहना है कि शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए यह अभियान जारी रहेगा। इसमें व्यापारी भी सहयोग करें। नगर निगम शहर से सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने में लगा हुआ है। इस अभियान में हालांकि कुछ दुकानदार बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। नगर निगम द्वारा अपील की गई है कि वह शहर हित में सहयोग करें। शनिवार को कविनगर जोन क्षेत्र में दुकानदारों से सिंगल यूज प्लास्टिक मिलने पर 31 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।

वहीं, विजयनगर जोन अंतर्गत 20,600 रुपए का जुर्माना वसूला गया। दोनों जोन क्षेत्र में 4 क्विंटल 6 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की गई। कविनगर जोन अंतर्गत कवि नगर सी ब्लॉक मार्केट और विजयनगर जोन अंतर्गत सेक्टर-9 मार्केट में अभियान चलाया गया। इस दौरान कविनगर जोनल प्रभारी राजवीर सिंह, टैक्स अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण और प्रवर्तन दल की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई की। वहीं, विजयनगर जोनल प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने टीम के साथ कार्रवाई की है।

नगर आयुक्त ने शहरवासियों से आह्वान किया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का सामाजिक तथा धार्मिक व अन्य किसी भी कार्यक्रम में प्रयोग ना करें। व्यापारी वर्ग से भी निगम के इस अभियान में सहयोग करने की अपील की गई है। प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण और स्वास्थ्य विभाग की टीम, जोनल प्रभारी टीम के साथ अभियान चलाते हुए शहर को प्रतिबंधित प्लास्टिक से मुक्त करने की कार्रवाई कर रही है। रोस्टर के अनुसार लगातार शहर में प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार इस कार्रवाई में व्यवधान उत्पन्न करने वालों के खिलाफ संबंधित थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई जा सकती है।

प्लास्टिक को खत्म करना में हर वर्ग का सहयोग जरुरी: नगर आयुक्त
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का कहना है कि शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने के लिए शहरवासी खुद सहयोग दे रहे हैं। जिसमें व्यापारी वर्ग भी नगर निगम की कार्रवाई में सहयोग कर रहा है। मगर कुछ व्यापारी नगर निगम की इस कार्रवाई का विरोध कर रहे है। उन्होंने अपील करते हुए कहा अगर शहर से प्लास्टिक को खत्म करना है तो हर वर्ग का सहयोग जरूरी है। बगैर व्यापारियों की मदद के यह संभव नहीं होगा।

IAS Vikramditya Singh Malik
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

प्लास्टिक बैग जमीन, हवा और पानी को दूषित करते हैं। जिससे जमीन की उर्वरता नष्ट हो रही और पानी जहरीला बन रहा है। प्लास्टिक को जलाने से हवा में भी जहरीले कण मिलते हैं और प्रदूषित फैलता है। प्लास्टिक से पर्यावरण प्रदूषित होता है। यह मिट्टी में जाने पर उसकी उर्वरा क्षमता को खत्म करता है। इसका कम से कम प्रयोग करें और अपने साथ कपड़े, जूट या बांस के बने थैलों का प्रयोग करें। अभियान को सफल बनाने में व्यापारी वर्ग भी आगे नगर निगम की कार्रवाई में अपना सहयोग करें। नगर निगम की टीम शहर में लगातार सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाकर लोगों को जागरूक कर रही है। जिससे पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकें।