BJP पार्षद को पुलिस ने भेजा जेल सिगरेट के पैसे मांगने पर दुकानदार को पीटा करता था अवैध वसूली

गाजियाबाद। साहिबाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहन नगर पर दुकानदार दंपति और उनके दोनों बेटों से सामान के रुपए मांगने पर मारपीट करने के मामले में भाजपा पार्षद सुधीर कुमार पुत्र संतराम निवासी राजीव कॉलोनी मोहन नगर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पार्षद पर महिला का खोखा तोडऩे और सामान फेंकने, छेड़छाड़, नाक-कान के सोने के आभूषण लूटने व 3000 रुपए छीनकर ले जाने के मामले में पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार किया है। पुलिस उनके भाई और अन्य अज्ञात लोगों की भी तलाश कर रही है। 20 मई को मोहननगर में चाय,सिगरेट का खोला चलाने वाली महिला सीता देवी पत्नी राम उदगर यादव ने मारपीट करने एवं खोखा तोडऩे और 3000 हजार रुपए छीनकर ले जाने को साहिबाबाद थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने महिला की तहरीर पर पार्षद सुधीर कुमार पुत्र संतराम निवासी राजवी कॉलोनी मोहननगर, भाई संदीप और अन्य 12 अज्ञात के खिलाफ बलवा,मारपीट,लूट और छेड़छाड़ की धारा में रिपोर्ट दर्ज की थी। रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी मिलने पर सोमवार की देर रात कई पार्षद लोगों के साथ साहिबाबाद कोतवाली पर जमे थे।

सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया आरोपित पार्षद सुधीर कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पार्षद को कोर्ट में पेश किया गया। मामले में फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है। पीडि़त दुकानदार ने आरोप लगाया है कि पार्षद यहां दुकान लगाने वालों से प्रतिदिन 200 रुपए मांगता है। मना करने पर धमकी देता है। दुकान हटवा देता है। दुकानदार ने उगाही करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं,पार्षद सुधीर कुमार का कहना है कि देर रात तक दुकान खुलने का विरोध किया था। उनके समर्थक साथ में पहुंचे थे। दुकानदार अवैध रूप से शराब बेचता है। उन्हें बदनाम करने के लिए यह आरोप लगाए जा रहे हैं। उनके ऊपर लगाए आरोप निराधार हैं। मोहननगर में महिला सीता देवी अपने पति और दो बेटों के साथ रहती हैं। दंपती एक बंद फैक्टरी में चौकीदारी करते हैं। फैक्टरी के बाहर उनकी चाय की दुकान है।

आरोप है कि पार्षद सुधीर कुमार दुकान लगाने की एवज में 6 हजार रुपए की मांग करता है। रविवार रात पार्षद अपने दो भाइयों के साथ दुकान पर पहुंचा और उनसे सामान लेकर चल दिया। जब उन्होंने रुपए मांगे तो वह आग बबूला हो गया। गाली-गलौज कर दुकान हटवाने की धमकी दी। आरोप है कि महिला के विरोध करने पर उन्होंने अभद्रता की और पीटा भी। आरोप है कि पार्षद के भाई ने कान और नाक से सोने के गहने छीनकर तीन हजार रुपए लूट लिए। इस सूचना पर देर रात पार्षद और पदाधिकारी थाने पहुंचे। सभी ने मुकदमा दर्ज करने का विरोध किया। पार्षदों ने एसीपी रजनीश उपाध्याय,थाना प्रभारी अजय चौधरी के सामने नाराजगी जाहिर की। इस दौरान एसीपी और पार्षदों की तीखी नोकझोंक भी हुई। थाने में गुस्साए लोगों के एकत्रित होने की आला अधिकारियों को सूचना दी गई।