बेबसी : भाजपा कार्यालय के बाहर आत्मदाह की कोशिश

महिला की हालत गंभीर, सिविल अस्पताल में भर्ती

धर्म परिवर्तन कर निकाह किया, ससुराल में प्रताडऩा मिलीं

लखनऊ। सूबे की राजधानी लखनऊ में भाजपा कार्यालय के बाहर आज महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया। इससे वहां एकाएक हड़कंप मच गया। पीडि़ता को आनन-फानन में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धर्म परिवर्तन कर विवाह करने के बावजूद ससुराल में प्रताडि़त किए जाने से तंग आकर महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया। मुख्यमंत्री से मुलाकात न होने पर क्षुब्ध पीडि़ता ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। लखनऊ के हजरत गंज कोतवाहली क्षेत्र में भाजपा का प्रदेश कार्यालय है। भाजपा कार्यालय के गेट नंबर-2 पर महिला पहुंची। पीडि़ता ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। वहां मौजूद कुछ पत्रकारों और सुरक्षा कर्मियों ने आनन-फानन में आग पर काबू पाने की कोशिश की। बाद में पीडि़ता को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया। पीडि़ता की हालत खराब है। पुलिस ने बताया कि पीडि़त अंजना जनपद महाराजगंज में रहती है। अंजना ने अखिलेश से शादी की थी। शादी के कुछ समय बाद मतभेद गहराने पर दोनों का तलाक हो गया। बाद में महिला मुस्लिम युवक आसिफ रजा के संपर्क में आई। इस बीच धर्म परिवर्तन कर महिला ने आसिफ से शादी कर ली। शादी होने के बाद आसिफ सऊदी अरब चला गया था। ऐसे में ससुराल में अंजना को प्रताडि़त किया जाने लगा। इस बावत पीडि़ता ने थाना महराजगंज में शिकायत की थी। पुलिस द्वारा सुनवाई न करने पर वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करने लखनऊ पहुंच गई। सीएम से मुलाकात न होने पर क्षुब्ध महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया। उधर, घटना की सूचना मिलने के बाद सिविल अस्पताल में पुलिस के सीनियर अधिकारी पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। उधर, इस घटनाक्रम के बाद उत्तर प्रदेश में एक बार फिर लव जिहाद का जिक्र होने लगा है। धर्म परिवर्तन कर निकाह के बढ़ते मामलों की शिकायत सामने आने पर सरकार गंभीर दिखाई दे रही है।