सपा कार्यकर्ताओं का बवाल, सैकड़ों गिरफ्तार

जगह-जगह पुलिस और सपाइयों में हुई भिड़ंत

लखनऊ। नए कृषि कानूनों के विरोध और किसानों के समर्थन में समाजवादी पार्टी (सपा) भी सोमवार को सड़कों पर उतर आए। विभिन्न जनपदों में सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। इस बीच प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ झड़प भी हो गई। पुलिस ने जगह-जगह से सपाइयों की गिरफ्तारी की है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी केंद्र सरकार को कोसा है। उन्होंने कहा कि सरकार मनमानी पर उतारू है। वह किसानों का दुख-दर्द समझने को तैयार नहीं है। यह हठधर्मिता ठीक नहीं है। किसान आंदोलन के समर्थन में सोमवार को सपा ने उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में धरना-प्रदर्शन किया। लखनऊ में भी पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं में नोंक-झोंक हुई। मथुरा में आक्रोशित सपाइयों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंका। पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं में भिड़ंत हो गई। इसके बाद पुलिस ने दर्जनभर से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। जौनपुर में सपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर समेत 50 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके बाद जौनपुर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिस पहुंचे। वहां सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इस दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच काफी धक्का-मुक्की हुई। हरदोई जिले में सपा एमएलसी राजपाल कश्यप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जनपद मऊ में किसान आंदोलन के समर्थन में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सहित 40 कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी होने की खबर है। बता दें कि किसानों ने सोमवार को सुबह 8 से शाम 5 बजे तक भूख हड़ताल कर रखी है। इसके अलावा देशभर में जिला मुख्यालयों पर किसानों का धरना-प्रदर्शन हुआ। विभिन्न राजनीतिक दलों ने सामने आकर किसानों को समर्थन देने की घोषणा की। सपा के अलावा कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), एनसीपी आदि दल किसान आंदोलन की पैरोकारी में दिखाई दे रहे हैं। विरोध-प्रदर्शन के चलते समूचे उत्तर प्रदेश में सरकारी तंत्र पूरे दिन सतर्क नजर आया।