नगर निगम की सीलिंग की कार्रवाई देख बकायेदारों के उड़े होश, मांग रहे मोहलत

-प्राइवेट के साथ सरकारी विभागों पर भी बनाया जा रहा दबाव

गाजियाबाद। नगर निगम ने अपील के बावजूद गृहकर बकाया गृहकर जमा नहीं करने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। निगम की ओर से गृहकर जमा करने पर छूट का प्रावधान भी किया था। इसके बावजूद गृहकर जमा नहीं कराया। ऐसे बकायेदारों के खिलाफ नगर निगम सीलिंग की कार्रवाई कर रहा है, साथ ही टैक्स जमा करने के लिए उन्हें समय भी दे रहा है। इसी क्रम में वसुंधरा और कवि नगर जोन में वृहद स्तर पर कार्रवाई की गई।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में संपत्ति कर वसूलने की कार्यवाही को गति मिल रही है। जिसमें सीलिंग की कार्यवाही चल रही है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉक्टर संजीव सिन्हा खुद भी वसूली को लेकर सीलिंग की कार्यवाही मे शामिल होते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि नगर निगम कर वसूली को लेकर बेहतर कार्य कर रहा है।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा ने बताया वसुंधरा जोन के अंतर्गत अंसल प्लाजा के उपरांत महागुन मॉल पर कार्यवाही शुरू कर दी गई है। जहां टीम द्वारा वसूली के लिए कार्यवाही की गई। लगभग एक करोड़ 35 लाख महागुन मॉल पर बकाया है। जिस पर कार्यवाही करते हुए 80 लाख की वसूली हो चुकी है। बाकी के लिए महागुन मॉल के मालिक से वार्ता हुई। जिसमें एक सप्ताह में बकाया राशि जमा करने का समय मांगा गया। एक सप्ताह का समय महागुन मॉल को देते हुए चेतावनी दी गई अगर एक सप्ताह में बकाया टैक्स जमा नहीं किया तो सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।

इसी प्रकार कवि नगर जोन के अंतर्गत भी कार्यवाही चल रही है। सरकारी विभागों पर भी दबाव बनाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन निगम लिमिटेड पर 16 लाख बकाया है, जिसके लिए एक सप्ताह का समय मांगा गया है, यदि एक सप्ताह बाद कर वसूली नहीं होती है तो कार्यवाही की जाएगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में करदाताओं से अपना हाउस टैक्स जमा करने की जहां नगर निगम अपील कर रहा है। वहीं दूसरी ओर सीलिंग की कार्यवाही को भी सुदृढ़ किए हुए हैं।