पीड़ितों के आंसू पोंछने मुरादनगर पहुंचेंगे सपाई

अखिलेश के आदेश पर घटना की जांच करेगी टीम

गाजियाबाद। उखलारसी श्मशान घाट हादसे पर सियासत गरमाने लगी है। सपा मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी की 10 सदस्यीय टीम आज मुरादनगर पहुंचेगी। यह टीम पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने के अलावा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच करेगी। बाद में पार्टी हाईकमान को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। मुरादनगर थानांतर्गत उखलारसी श्मशान घाट में गत 3 जनवरी को नवनिर्मित हॉल की छत गिरने से 24 नागरिकों की मौत हो गई थी। सभी नागरिक वहां वृद्ध जयराम का अंतिम संस्कार करने पहुंचे थे। जिस हॉल की छत भरभरा कर गिरी थी, उसका निर्माण मुश्किल से 2 माह पहले कराया गया था। घटियसा निर्माण सामग्री का इस्तेमाल होने के कारण यह ह्दयविदारक हादसा हो गया। श्मशान घाट हादसे पर अब राजनीति गरमाने लगी है। विपक्षी दलों ने सरकार की घेराबंदी तेज कर दी है। सपा मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को योगी सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप मढ़ा था कि भाजपा राज में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी चरम पर है। पूर्व सीएम अखिलेश ने हादसे के पीडि़तों को सांत्वना देने और घटनास्थल की जांच के लिए 10 सदस्यीय टीम को मुरादनगर भेजने के निर्देश दिए हैं। सपा की इस जांच कमेटी में शहिद मंजूर, रफीक अंसारी, राकेश यादव, आशु मलिक, राशिद मलिक, विनोद सविता, रमेश प्रजापति, चौधरी राजपाल सिंह, अतुल प्रधान और वीर सिंह शामिल हैं। यह कमेटी पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों के तथ्य भी जुटाएगी। बता दें कि बुधवार को कांग्रेस नेत्री डॉली शर्मा ने भी मुरादनगर जाकर पीड़ित परिवारों के आंसू पोंछे थे। श्मशान घाट हादसे की एसआईटी जांच के आदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दे दिए थे। इसके अलावा जिलाधिकारी के आदेश पर भी एक टीम मामले की जांच कर रही है। एसआईटी जांच शुरू होने पर कई की मुश्किलें बढऩा तय हैं।