बिना लाइसेंस के न्यू तंदूर ढाबे पर संचालक ग्राहकों को परोस रहा था शराब

-ढाबा संचालक समेत दो तस्कर गिरफ्तार, अवैध शराब बरामद

उदय भूमि ब्यूरो।
गाजियाबाद। आबकारी विभाग की आंख में धूल झोंक कर रात में होटल की आड़ में अवैध रूप से शराब पिलाने वालों की अब खैर नहीं होगी। आबकारी विभाग ने अवैध रूप से बिना लाइसेंस के शराब पिलाने वाले होटल, ढाबों की सूची तैयार कर ली है। जिसके लिए आबकारी अधिकारी ने टीम गठित कर रात में भी अभियान चलाकर कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने ढाबा पर चेकिंग के दौरान अवैध रूप से ढाबे पर ग्राहकों को शराब पिला रहे संचालक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया ढाबा संचालक का भाई पुलिस विभाग में नौकरी करता है। भाई पुलिस का फायदा उठाकर बिना किसी खौफ रात में खाना खाने के लिए आने वाले ग्राहकों को खाने के साथ शराब पिलाने की सुविधा प्रदान करता था। अगर गलती से कोई पुलिस की चेकिंग भी हो जाए तो स्टाफ की बात कहकर पुलिस भी आगे बढ़ जाती थी। लेकिन जब आबकारी विभाग की कार्रवाई के आगे उसी सारी सिफारिश धराशायी हो गई। वहीं इसके अलावा आबकारी विभाग की दुसरी टीम ने लाइसेंसी दुकान बंद होने के बाद अवैध रुप से शराब तस्करी कर रहे एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।

जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया जनपद में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें लगातार चेकिंग एवं छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। साथ ही टीम को रात में भी अभियान चलाकर हाईवे, सड़क किनारे खुले ढाबों पर चेकिंग के सख्त निर्देश दिए गए है। जिससे कोई भी होटल व ढाबा संचालक अवैध रूप से शराब का सेवन न करा सकें। रविवार रात आबकारी निरीक्षक मनोज शर्मा की टीम थाना- क्रासिंग रिपब्लिक अन्तर्गत चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान तिगड़ी गोल चक्कर के पास ताज हाईवे रोड न्यू तंदूर ढाबा पर संचालक द्वारा अवैध रूप से शराब पिलाई जा रही थी। जब संचालक सचिन कुमार पुत्र डोरीलाल निवासी-बुध विहार क्रॉसिंग रिपब्लिक से शराब पिलाने का लाइसेंस मांगा गया तो वह दिखाने में असमर्थ नजर आया। ढाबे से चेकिंग के दौरान मैकडॉवेल नंबर वन, 8-पीएम व किंगफिशर स्ट्रांग बियर एवं विदेशी शराब की खाली बोतल बरामद की गई। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों को बिल्कुल भी बख्शा नहीं जाएगा।

ढाबा, होटल संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिना लाइसेंस के शराब पिलाने की अगर शिकायत मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। शराब पिलाने के लिए आबकारी विभाग से ऑकेजनल बार लाइसेंस ले सकते है। उसके बाद ही शराब पिलाने की अनुमति दी जाएगी। वहीं आबकारी निरीक्षक त्रिवेणी प्रसाद मौर्य (कार्यवाहक) की टीम द्वारा रविवार रात को चेकिंग के दौरान नन्दग्राम अंतर्गत मोहल्ला नई बस्ती में अवैध रूप से शराब तस्करी कर रहे ललित पुत्र श्याम सिंह निवासी नई बस्ती नंदग्राम को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से 40 पौव्वा मिस इंडिया ब्रांड की देशी शराब यूपी मार्का बरामद किया गया। पकड़ा गया तस्कर क्षेत्र की लाइसेंसी दुकान से शराब खरीद कर घर में छिपा लेता था। जैसे रात में दुकान बंद हो जाती तो उसी शराब के पव्वे को दोगुने महंगे दामों में बेचता था। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया है। साथ ही टीम को भी दुकान बंद होने के बाद उसके आसपास चेकिंग करने के सख्त निर्देश दिए गए है। क्योंकि दुकान बंद होने के बाद तस्कर दुकान के आसपास खड़े होकर ही शराब तस्करी करते है।