झारखंड से अफीम लेकर गाजियाबाद में सप्लाई के लिए पहुंची महिला, 40 लाख की अफीम समेत महिला तस्कर को क्राइम ब्रांच की टीम ने दबोचा

उदय भूमि ब्यूरो।
गाजियाबाद। ओडिशा-झारखंड पूरे देश में नशे के कारोबार का कॉरिडोर बना हुआ है। झारखंड से होकर ही अफीम व गांजा देश के दूसरे हिस्सों, खासकर पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश होते हुए दिल्ली-मुंबई तक पहुंच रहा है। झारखंड से उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब व दिल्ली एनसीआर में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाली महिला तस्कर को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से 40 लाख रुपए कीमत की डेढ़ किलो अफीम बरामद किया गया है। पकड़ी गई महिला तस्कर पूर्व में हजारीबाग रेलवे स्टेशन पर साफ-सफाई का काम करती थी। जिसमें कमाई कम होने के कारण उसका संपर्क झारखंड के तस्करों से हुआ। पहले तो उन्हीं के साथ मादक पदार्थों की तस्करी करती थी, जिसके लिए उसे हर सप्लाई में 20 हजार रुपए मिलते थे। उसके बाद खुद ही झारखंड से सीधा तस्करी करने लगी। पुलिस को चकमा देने के लिए महिला झारखंड से गांजा व अफीम लेकर ट्रेन व बस द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचती थी। इस दौरान अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लेती थी। जिससे कोई उसे ट्रेस न कर सकें। माल सप्लाई होने के बाद महिला वापस झारखंड चली जाती थी।

एडीसीपी क्राइम सच्चिदानंद ने बताया सोमवार को मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच प्रभारी अब्दुर रहमान सिद्दीकी की टीम ने पुराना बस अड्डा के मेन गेट पर गाजियाबाद में सप्लाई के लिए आई रेशमा देवी पत्नी जगदीश पता गांव अंमबाडी  जिला हजारीबाग झारखंड को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से 1.5 किलोग्राम अफीम बरामद किया गया। बरामद अफीम की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 40 लाख रुपये है। पकड़ी गई महिला अनपढ़ है और पूर्व में हजारीबाग रेलवे स्टेशन पर साफ सफाई का काम करती थी। झारखंड में मादक पदार्थों का बहुत काम होता है। जिसके लिए वह कुछ जानने वाले गांजा व अफीम के तस्करों के संपर्क में आई और फिर उनके साथ ही झारखंड से उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब व दिल्ली एनसीआर में जाकर करने लगी।

एक दो बार उनके साथ गई तो 20 हजार रुपए मिले। फिर रांची के तस्कर के संपर्क में आई। उसके बाद अफीम व अन्य नशीले पदार्थ लेकर बरेली, बदायूं, मुरादाबाद, गाजियाबाद, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली व एनसीआर में डिमांड के अनुसार सप्लाई करने लगी। जितनी डिमांड मिलता उतना माल लेकर वह झारखंड से लेकर निकल पड़ती थी। पुलिस से बचने के लिए अपना मोबाइल बंद रखती थी और बीच-बीच में ट्रेन व बस बदल कर बताए गए स्थान पर पहुंच जाती थी। आरोपी महिला पिछले 6 माह से तस्करी का काम कर रही है। जो कई बार झारखंड से तस्करी कर चुकी है। उन्होंने बताया पूछताछ में कई जानकारी मिली है, जिसके आधार पर टीम कार्रवाई कर रही है। जल्द ही तस्करी के कारोबार में लिप्त अन्य तस्करों को भी जेल के पीछे भेजा जाएगा।