गाजियाबाद नगर निगम के 51 पार्षद अपने वार्ड से नहीं लड़ सकेंगे चुनाव

गाजियाबाद। नगर निगम के 100 वार्डों के आरक्षण की सूची जारी होने के बाद बड़ी संख्या में पार्षदों के अरमानों पर पानी फेर दिया। नगर निगम के वार्डों के बदले आरक्षण ने 51 पार्षदों की फिर से निगम सदन में जाने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब यह पार्षद अपने वार्ड से चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। राजनीतिक सफर को जारी रखने के लिए इनमें से कई पार्षद अब ठिकाना बदलकर अगल-बगल के अन्य वार्ड से चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे हैं। महिला के लिए वार्ड आरक्षित हो जाने पर इस बार कई पार्षद खुद चुनाव लडऩे की बजाय पत्नी को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी कर रहे हैं।

नगर निगम के 14 वार्ड इस बार अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किए गए हैं। इनमें से सात वार्ड 2017 के चुनाव में अन्य वर्ग के लिए आरक्षित थे, जबकि सात वार्ड अनारक्षित श्रेणी में थे और इनमें सामान्य वर्ग के पार्षद जीते थे। अब 2022 के चुनाव में इन 14 वार्ड के पार्षदों को या तो क्षेत्र वार्ड बदलना पड़ेगा, या राजनीतिक सफर को विराम देना पड़ेगा। 2022 के चुनाव के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग और अन्य पिछड़ा वर्ग महिला श्रेणी में आरक्षित किए गए। 21 वार्ड भी 2017 के चुनाव में महिला, अनारक्षित और अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित थे। यानी इन वार्डों से 2017 में चुनाव जीतकर नगर निगम सदन में पहुंचे पार्षद भी अपने वार्ड से दोबारा चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। अब इन 21 वार्ड में सिर्फ ओबीसी या ओबीसी वर्ग की महिलाएं चुनाव लड़ सकेंगी। 2017 में अनारक्षित, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित 16 वार्ड भी इस बार महिला वर्ग के लिए आरक्षित कर दिए गए हैं।

इसकी वजह से अब इन वार्डों के पार्षदों की उम्मीदों पर भी पानी फिर गया है। इनमें से अधिकांश पार्षद अब पत्नी के लिए टिकट की दावेदारी कर रहे हैं।वार्डों का आरक्षण बदल जाने की वजह से पत्नी को चुनाव लड़ाने या अन्य वार्डों से चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे पार्षदों को झटका लग सकता है। राजनीतिक दलों के अन्य कार्यकर्ता भी इन वार्डों से चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे हैं और टिकट की दावेदारी कर चुके हैं। ऐसे में इन वार्डोंं में दोबारा पार्षदों की पत्नी को टिकट मिलना मुश्किल हैं। खासतौर से भाजपा में दावेदारों की संख्या ज्यादा होने से इसकी उम्मीद बेहद कम है।

इन वार्ड के पार्षद नहीं लड़ पाएंगे चुनाव:
नगर निगम के 100 वार्ड में 51 वार्ड ऐसे है। जिनमें पार्षद चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। इनमें वार्ड-1, 05, 06, 07, 08, 09, 10, 11, 13, 15, 16, 17, 18, 19, 20,21, 22, 23, 24, 25, 26, 27, 28, 31, 32, 34, 35, 36, 40, 41, 43, 42, 44, 45, 48, 50, 51, 53, 60, 61, 62, 64, 66, 68, 70, 71, 72, 73, 92, 95, 99 वार्ड शामिल हैं।