सीओ अभय कुमार मिश्रा ने चुप्पी तोड़ो खुलकर बोलो के मंत्र के साथ मेवाड़ की छात्राओं को दिए टिप्स

-मेवाड़ में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया पर छात्राओं को किया जागरूक

गाजियाबाद। आत्मरक्षा पर सामने वाले पर किया गया हमला अपराध नहीं हैं। इसलिए महिलांओ को अपनी सुरक्षा की प्रति हर समय सजग और चौकन्ना रहना चाहिए। यह बातें सोमवार को वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के विवेकानंद सभागार में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर छात्राओं को संबोधित करते हुए साइबर सेल के नोडल अधिकारी एवं सीओ इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्रा ने कहीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर बढ़ रहे अपराधों के प्रति भी उन्हें सचेत किया। लड़कियां अपने अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक हों। उन्होंने कहा महिलाओं से कम्युनिकेशन करना हमेशा ही समाजहित में रहा है। क्योंकि महिलाएं सही बातों को ज्यादा सही से समझती हैं। इससे लाभ यह होता कि एक महिला तीन परिवारों को संस्कार देती है। बेटी, पत्नी व मां के रूप में उसकी महती भूमिका होती है। इसलिए महिलाएं ज्यादा अच्छे तरीके से अपनी भूमिका निभाती हैं।

सीओ इंदिरापुरम ने कहा कि लड़कियां चुप्पी तोड़ें और खुलकर बोलें। उनके साथ कुछ बुरा या अभद्र व्यवहार हुआ हो तो उसे दबाएं या छिपाये नहीं, बल्कि इसके बार में अपने दोस्तों, माता-पिता या फिर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 या 1090 पर सूचित करें। उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

इंदिरापुरम थाना प्रभारी मनीष बिष्ट व चौकी प्रभारी यतेन्द्र कुमार ने भी अपने विचारों से छात्राओं को सचेत किया। मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल ने कहा कि महिलाएं अब एक दिन बालिका दिवस नहीं मनातीं, हर रोज मनाती हैं। वे जानती हैं कि उनके अधिकार और कर्तव्य क्या हैं। उन्हें मालूम है कि कैसे स्वावलम्बी बनना है, कैसे पुरुषों की बराबरी करनी है। कैसे उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलना है। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं सक्षम हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि पुलिस-प्रशासन महिलाओं को शिक्षित करने के साथ ही पुरुषों की भी काउंसलिंग करे। उनकी वर्कशॉप होना बहुत जरूरी है। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को गुलदस्ते भेंट कर सम्मानित किया। समूचे कार्यक्रम का सफल संचालन कवि व पत्रकार डॉ. चेतन आनंद ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।