हर घर तिरंगा अभियान की निगम अधिकारियों ने संभाली कमान

-नगर आयुक्त ने बनाई योजना, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव बने तिरंगा प्रभारी

गाजियाबाद। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर द्वारा शहर के हर घर में तिरंगा लहराने के लिए योजना बनाई गई है। जिसके लिए निगम अधिकारियों तथा जोनल प्रभारियों के साथ शुक्रवार को बैठक की गई। आजादी के अमृत महोत्सव हर घर तिरंगा को नगर निगम सीमा अंतर्गत सफल बनाने के लिए हर घर तिरंगा का प्रभारी अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव को बनाया गया।

आजादी के अमृत महोत्सव के क्रम में हर घर तिरंगा आयोजन को सफल करने के लिए नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर द्वारा नगर निगम की वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ जोनल प्रभारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। समस्त जोनल प्रभारी अपने अपने जोन में यह सुनिश्चित करेंगे कि हर घर में तिरंगा लहराया जाए। जिसके लिए इच्छुक प्रतिष्ठान व समाजसेवी जो अपनी स्वयं की इच्छा से झंडा देना चाह रहे हैं। उनका समन्वय शहर वासियों से कराएंगे और झंडा उपलब्ध कराने में सहयोग करेंगे।

शहर के हर घर में तिरंगा लहराने की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तवर द्वारा अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव तथा विभागीय अध्यक्षों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई। ताकि हर चौराहों पर तिरंगे की लाइट भी लगाई जाए। उनको सजाया जाए और जो सरकारी दफ्तर हैं। उनको भी तिरंगे के रूप में सजाया जाएगा तथा हर घर तिरंगे की कड़ी में सरकारी कार्यालयों पर भी तिरंगा लगेगा।

नगर आयुक्त ने बताया कि वास्तव में किसी देश का आधिकारिक झंडा उस पूरे देश का प्रतीक होता है। यह प्रतीक एक ही छवि में देश के अतीत, वर्तमान और भविष्य को दर्शाता है। जिस तरह एक झंडा किसी देश का प्रतिनिधित्व करता है, उसी तरह हमारा राष्ट्रीय झंडा तिरंगा भारत देश का प्रतिनिधित्व करता है। हमारे लिए हमारे राष्ट्रीय झंडे के बहुत मायने हैं। इससे निश्चित रूप से लोगों में देशभक्ति की भावना का संचार होगा, क्योंकि तिरंगा देश की आन, बान और शान है। इसकी खातिर हमारे वीर प्राण देते हैं।

हर घर तिरंगा अभियान हमें उन वीरों की भी याद दिलाएगा, जिन्होंने स्वतंत्र भारत के लिए एक ध्वज का सपना देखा था। यह हमें गौरवान्वित महसूस कराता है। हमारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश के सम्मान एवं गौरव का पवित्र प्रतीक है। बैठक में अपर नगर आयुक्त के अलावा मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा, उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह, जोनल प्रभारी गजेंद्र, जोनल प्रभारी रामबली पाल, जोनल प्रभारी राजवीर, जोनल प्रभारी विवेक त्रिपाठी, जोनल प्रभारी एसके राय बैठक में उपस्थित हुए।